ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीघने कोहरे में लिपटी रही राजधानी, घरों में दुबके लोग

घने कोहरे में लिपटी रही राजधानी, घरों में दुबके लोग

रांची में रहने वाले लोगों ने कई वर्ष के बाद रविवार को राजधानी को घने कोहरे में लिपटा देखा। दिन ढ़लने के साथ ही कोहरा और गहरा होता गया और देर शाम में...

घने कोहरे में लिपटी रही राजधानी, घरों में दुबके लोग
हिन्दुस्तान टीम,रांचीMon, 24 Jan 2022 03:40 AM
ऐप पर पढ़ें

रांची। वरीय संवाददाता

रांची में रहने वाले लोगों ने कई वर्ष के बाद रविवार को राजधानी को घने कोहरे में लिपटा देखा। दिन ढ़लने के साथ ही कोहरा और गहरा होता गया और देर शाम में एक समय ऐसा भी आया कि सौ मीटर से आगे की वस्तु सपष्ट नहीं देखी जा सकती थी। जिस कारण देर शाम में सड़कें धीरे-धीरे सूनी होने लगीं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शाम साढ़े छह बजे दृश्यता सिर्फ सौ रह गई थी। ऐसी स्थिति एयरपोर्ट समेत शहर के विभिन्न इलाकों में बनी रही। जिस कारण काफी कम दूरी की वस्तु भी लोगों को सपष्ट दिखाई नहीं पड़ रही थी। इस कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम रही। टर्फ लाइन और साइक्लोनिक सरकुलेशन की वजह से मौसम में हुए बदलाव का राजधानी में व्यापक असर दिखा। दक्षिण-पूरब दिशा से आ रही सर्द हवा के बहाव के बीच दिन में रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। इससे वातावरण में नमी बढ़ी रही।

बारिश के साथ ठंड का प्रभाव ऐसा कि जरूरी काम होने के बाद भी लोग घरों में ही दुबके रहे। अवकाश का दिन होने के बाद भी लोगों ने जरूरी काम को निपटाने में दिलचस्पी नहीं ली और घर पर गरम कपड़े में लिपटे मौसम की चर्चा करते रहे। ठंड का आलम यह रहा कि हर घर में और दुकान-प्रतिष्ठान में लोगों ने अलाव के अलावा वातावरण को गरम रखने के लिए हीटर का सहारा लिया। मौसम का मिजाज भांप कर मटन-चिकेन के शौकीनों ने जमकर दावत उड़ाई। रात आठ बजे तक शहर के विभिन्न इलाके में स्थित अंग्रेजी और देसी शराब की दुकानों पर शौकीनों की भीड़ दिखी। शनिवार को देर रात से शुरू हुई हल्की बारिश और आसमान में बादल छाए रहने की वजह से रांची के सुदूरवर्ती इलाके से बड़ी संख्या में काम की तलाश में आने वाले मजदूर और अन्य लोग यहां नहीं पहुंचे। इसका असर व्यापार कारोबार पर भी दिखा। प्रमुख व्यापारिक इलाके अपर बाजार, डोरंडा, धुर्वा, अरगोड़ा, रातू रोड, कांके रोड, बरियातू रोड, लालपुर, कोकर, चुटिया और बूटी रोड में अधिसंख्य दुकानें बंद रहीं। वहीं बस पड़ाव पर भी सामान्य दिनों की तुलना में यात्रा करने वाले लोगों काफी कम संख्या में पहुंचे। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची का अधिकतम तापमान 17.4 और न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेसि रहा। वहीं शाम साढ़े पांच बजे तक 3.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। उन्होंने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में सामान्य से 3.8 डिग्री सेसि बढ़ोत्तरी हुई है। मौसम पूर्वानुमान में सोमवार को भी रांची और इसके आसपास के इलाके में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मंगलवार से मौसम में बदलाव आएगा, हालांकि आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें