तमाड़ में साले ने धारदार हथियार से की जीजा की हत्या
तमाड़ के नीचे टोली मुंडा टोला में साले ने अपने जीजा गजेंद्र सिंह की हत्या कर दी। विवाद उस समय शुरू हुआ जब भूपेश ने गजेंद्र पर धारदार हथियार से हमला किया और पत्थर से कुचल दिया। आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि है और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

तमाड़, प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के नीचे टोली मुंडा टोला में साले ने अपने ही जीजा की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय गजेंद्र सिंह, निवासी बेलसियागढ़ रनिया के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, गजेंद्र सिंह गुरुवार शाम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल आए थे। ससुराल पहुंचने के बाद उनके साले भूपेश खंडित ने उन्हें भोजन तक नहीं दिया और खाना बनाने के बर्तन, गैस व लकड़ी को अपने कमरे में बंद कर लिया। पूरा परिवार रात भर भूखा रहा। सुबह बर्तन मांगने पर हुआ विवाद:
विवाद और हत्या
शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग खाना बनाने के लिए बर्तन मांगने पहुंचे तो भूपेश खंडित घर पर नहीं था। बाद में जब मृतक की पत्नी शांति देवी बर्तन मांगने गईं, तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि भूपेश ने अखबार पढ़ रहे गजेंद्र सिंह पर धारदार हथियार से हमला करने के बाद पत्थर से कुचलकर उनकी हत्या कर दी। हमले के दौरान उसने अपनी बड़ी बहन शांति देवी पर भी हमला किया, लेकिन वह किसी तरह बचकर भाग गईं। वहीं छोटी बहन शिववती देवी भी हमले में घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी घर के एक कमरे में छिप गया।
आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि
घटना के बाद दोनों बहनों ने आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन आरोपी की आपराधिक छवि के कारण कोई आगे नहीं आया। बताया जाता है कि भूपेश खंडित पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है और अक्सर धारदार हथियार लेकर घूमता रहता था।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी भूपेश खंडित को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। बताया जाता है कि घर की मरम्मत को लेकर परिवार में पहले से तनाव था।
जांच के लिए मौके पर पहुंची एफएसएल टीम
घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उसे जल्द ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


