छात्रा, युवती और महिलाओं के साथ घटना पर तुरंत कार्रवाई करे पुलिस : मोर्चा
रांची में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने नाबालिग छात्रा के अपहरण में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। संगठन की अध्यक्ष आरती सिंह ने पुलिस की कार्रवाई में देरी पर चिंता जताई है। उन्होंने...

रांची, वरीय संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कमेटी ने बरियातू थाना क्षेत्र से नाबालिग छात्रा को अगवा किए जाने में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। इस मामले को लेकर संगठन की प्रतिनिधियों ने बरियातू थाना के प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर मनोज कुमार से मुलाकात की। संगठन की अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि नाबालिग, छात्रा, युवती या फिर महिला के साथ किसी तरह की अप्रिय घटना होने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करे। ऐसा नहीं होने पर पुलिस की शिथिलता से अपराधियों एवं मनचलों का मनोबल और बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजधानी में हाल के दिनों में छात्राओं के साथ छेड़छाड़, अपहरण, दुष्कर्म समेत कई मामले सामने आए हैं। कई मामले में आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जो अन्य महिलाओं व छात्राओं के बीच असुरक्षा की भावना को और बढ़ा रहा है। प्रतिनिधियों ने कहा कि हेमंत सरकार के शासन काल में पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था दिनोंदिन खराब होती जा रही है। ऐसे अवांछित तत्वों को संरक्षण मिल रहा है, जिस कारण अपराधियों व मनचलों का मनोबल व अड्डाबाजी बढ़ रही है। प्रतिनिधियों में नीलम चौधरी, सुचिता सिंह, कुमुद झा, हंस श्रीवास्तव, शीतल वर्मा, पायल सोनी बबिता, लवली पाठक, महिला मंडल की कई सदस्य, रणधीर सिंह समेत अन्य शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।