ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीभाजपा एक महीने में पूरा करेगी बचे टास्क

भाजपा एक महीने में पूरा करेगी बचे टास्क

भाजपा ने मिशन 2019 के तहत काम करना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारी में राष्ट्रीय नेतृत्व ने 23 तरह के काम दिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने...

भाजपा एक महीने में पूरा करेगी बचे टास्क
हिन्दुस्तान ब्यूरो,रांचीWed, 29 Aug 2018 10:19 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा ने मिशन 2019 के तहत काम करना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारी में राष्ट्रीय नेतृत्व ने 23 तरह के काम दिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने झारखंड दौरे के दौरान प्रदेश पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को इसे पूरा करने के लिए कहा था। पार्टी द्वारा लगभग सारा काम कर लिया गया है। कुछ काम बचे हैं, जिन्हें एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा। गिलुवा बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के पदाधिकारियों व विधानसभावार बनी कोर कमेटी की बैठक के बाद बोल रहे थे।
25 हजार बूथ कमेटी का गठन
गिलुवा ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने सबसे अधिक बूथ कमेटी के गठन पर बल दिया है। 23 कार्यों में 19 बूथ कमेटी के ही काम हैं। मोबाईल फोन के साथ कार्यकर्ताओं की सूची, मोटरसाइकिल कार्यकर्ताओं की सूची, युवा व महिला कार्यकर्ता इस तरह के कई कामों को पूरा किया जाना है। राज्य में 29424 में से 25000 बूथ कमेटी का गठन हो चुका है। बैठक में इनकी समीक्षा की गई। जिन बूथों का गठन बाकी है या कुछ काम बाकी हैं उन्हें एक महीने में पूरा करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के तीन लोकसभा क्षेत्र एवं 15 विधानसभा क्षेत्र में से 10 सीटों पर भाजपा एवं एनडीए गठबंधन का कब्जा है। आने वाले चुनाव में पार्टी सभी लोकसभा सीट एवं 15 विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज करेगी।
कोलेबिरा में भाजपा देगी उम्मीदवार
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोलेबिरा सीट पर भाजपा अपना उम्मीदवार देगी। आजसू का वहां कोई अधिकार नहीं बनता है। पूर्व विधायक एनोस एक्का की पत्नी को टिकट देने के बारे में कहा कि पहले वह पार्टी में शामिल होंगी, फिर कोई विचार किया जाएगा। अभी उम्मीदवार का चयन नहीं किया गया है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव एकसाथ कराने की बात पर कहा कि यह नेतृत्व और चुनाव आयोग फैसला करेगा। पार्टी हर समय चुनाव के लिए तैयार है। 
योजनाओं की जानकारी जनता को देः
बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार के विकास योजनाओं की जानकारी जनता को दें। केन्द्र और राज्य सरकार ने गांव-गरीब, किसान, दलित-शोषित वंचितों के लिए अधिकांश योजनायें चलाई है, जिससे आम आदमी करोड़ों की संख्या में लाभान्वित हुआ है। उन्होंने आयुष्मान भारत जैसी सरकार की महत्वकांक्षी योजना जो अगले माह प्रारंभ होने जा रही हैं।
प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल ने कहा कि अब हमें चुनाव तक चैन से नहीं बैठना है। घर-घर सम्पर्क के माध्यम से जनता का और अधिक संख्या में विश्वास प्राप्त करे, इसका अनवरत प्रयास करना है। 
बैठक में थे मौजूदः 
बैठक में केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, सांसद कड़िया मुंडा, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, सी.पी. सिंह, विधायक नवीन जयसवाल, गंगोत्री कुजूर, बिमला प्रधान सहित रांची, हटिया, कांके, मांडर, खिजरी, सिल्ली, तोरपा, खूंटी, तमाड़, गुमला, सिसई, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के कोर कमिटी सदस्य मौजूद थे। इसके अलावा रांची महानगर, रांची ग्रामीण, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी भी शामिल हुए। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने किया।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें