ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीभाजपा ने शुरू किया बूस्टर डोज जागरण अभियान

भाजपा ने शुरू किया बूस्टर डोज जागरण अभियान

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो राष्ट्रीय स्वयंसेवक अभियान के तहत झारखंड भाजपा ने गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय से बूस्टर डोज जागरण अभियान का...

भाजपा ने शुरू किया बूस्टर डोज जागरण अभियान
हिन्दुस्तान टीम,रांचीThu, 27 Jan 2022 09:10 PM
ऐप पर पढ़ें

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो

राष्ट्रीय स्वयंसेवक अभियान के तहत झारखंड भाजपा ने गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय से बूस्टर डोज जागरण अभियान का शुभारंभ किया। पूर्व मुख्यमंत्री सह पार्टी के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनवर हयात को बूस्टर डोज का टीका लगाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की गई। इस मौके पर बाबूलाल मरांडी के अलावा अभियान की संयोजक सह प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, सह संयोजक सरोज सिंह, सदस्य राजीव कुमार उपस्थित थे। वहीं मौके पर सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विकास गुप्ता और उनकी टीम भी मौजूद रहीं।

मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि टीकाकरण के पहले, दूसरे या बूस्टर डोज के जो भी मापदंड तय किए गए हैं और उस मापदंड की जो भी पात्रता रखते हैं, उन तमाम लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित कराना हम सभी की जिम्मेवारी है। शुरुआती दिनों में हर अभियान को लेकर कुछ भ्रांतियां रहती हैं, लिहाजा इसको लेकर भी रहीं, परंतु अब सारी भ्रांतियां दूर हो चुकी हैं। भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में 163 करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण होना एक बड़ी उपलब्धि है। कल्पना कीजिए अगर केंद्र की मोदी सरकार ने कुशलतापूर्वक इतने व्यापक पैमाने पर टीकाकरण अभियान नहीं चलाया होता तो स्थिति कितनी भयावह होती। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी केंद्र के अभियान के साथ जिस तेजी से अपने-आप को जोड़ा, वह भी सराहनीय है। सम्पूर्ण टीकाकरण की शुरुआत अपने से, अपने परिजनों से, दोस्तों से, शुभचिंतकों से करने की जरूरत है। इससे लोगों को प्रेरित करना और लक्ष्य प्राप्त करना सहज हो जाएगा। झारखंड में टीकाकरण की धीमी गति चिंताजनक है। इस लिहाज से हम सभी की जिम्मेवारी और बढ़ जाती है। मरांडी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हम अपने लोगों से, रिश्तेदारों से कुशलक्षेम पूछते हैं कि आप कैसे हैं। इसके साथ एक बात और जोड़ दीजिए कि आपने कोरोना का टीका लगवाया या नहीं। ऐसा करने से एक माहौल बन जाएगा और हम अपने लक्ष्य में जल्दी सफल हो जाएंगे। कोरोना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सजगता ही बचाव है। सभी लोग अपनी जिम्मेवारी निभाएंगे तभी यह अभियान पूर्णत: सफल हो पाएगा। सम्पूर्ण टीकाकरण से ही झारखंड सुरक्षित होगा।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें