
डैमेज कंट्रोल करने का नाटक कर रही कांग्रेस : प्रतुल
रांची में भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के नेताओं पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिहार में सिंगल डिजिट सीटों पर सिमट गई है और नए पोस्टर व प्रवक्ता पैनल के जरिए डैमेज कंट्रोल कर रही है। प्रतुल ने राहुल गांधी की लोकप्रियता को भी चुनौती दी और कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त है।
रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल की प्रेस वार्ता पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिहार में सिंगल डिजिट सीटों के आंकड़े पर सिमट गई। अब इस मुद्दे पर डैमेज कंट्रोल करने के लिए कांग्रेस नया पोस्टर और नया प्रवक्ता पैनल का नाटक कर रही है। झारखंड में अपनी संगठनात्मक क्षमता को छुपाने के लिए नए-नए पोस्टर और कार्यक्रम लांच कर रही है। हालांकि जनता जानती है कि जिस पार्टी में शीर्ष नेताओं की ही विश्वसनीयता शून्य है, वहां प्रवक्ता बदलने से कुछ नहीं बदलेगा।

प्रतुल ने कहा कि इस सीरियस प्रेस कॉन्फ्रेंस को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने उस समय लाफ्टर शो बना दिया, जब उन्होंने कहा कि यथार्थ में और सोशल मीडिया में राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बहुत ज्यादा लोकप्रिय हैं। प्रतुल ने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। देश की बात छोड़िए, विदेश में भी उनकी कोई टक्कर का दूसरा नेता नहीं है। फिर उनकी तुलना तीन-तीन आम चुनाव में बुरी तरह से हारने वाली कांग्रेस पार्टी की अगुवाई करने वाले राहुल गांधी से कैसे हो सकती है? प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस जिस टैलेंट हंट की बात कर रही है, वह सिर्फ एक नया राजनीतिक शो-ऑफ है। कांग्रेस को सबसे पहले अपने शीर्ष नेतृत्व में वैचारिक निष्ठा ढूंढनी चाहिए, जो रोज दल बदलने वाले, टिकट बेचने वाले और परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ पाए हैं। कांग्रेस जिस स्पष्ट सोच की मांग कर रही है, वही सोच उसकी अपनी नीतियों से गायब है। कांग्रेस के नेता देश और संविधान की दुहाई देते हैं, लेकिन झारखंड में भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति की सबसे बड़ी साझेदार वही पार्टी रही है। झारखंड भाजपा नेता ने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में कांग्रेस को 200 करोड़ लोगों की प्रतिक्रिया मिलने का दावा ही सारे अभियान की पोल खोलता है। कांग्रेस प्रवक्ता का कहना कि उन्हें 200 करोड़ लोगों ने प्रतिक्रिया दी है, वह हास्यास्पद है। इससे प्रतीत होता है कि उनको अब पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी प्रतिक्रिया मिल रही है। बात जमीन की हो या सोशल मीडिया की हो, भाजपा और कांग्रेस में कोई मुकाबला ही नहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


