
आज का समय भाषण का नहीं, धरातल पर काम दिखाने का है : भाजपा जिलाध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित खूंटी जिला अध्यक्ष आनंद कुमार का तोरपा में जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। आनंद कुमार ने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के सम्मान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
तोरपा, प्रतिनिधि। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित खूंटी जिला अध्यक्ष आनंद कुमार का मंगलवार को तोरपा में जोरदार स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष बनने के बाद तोरपा में उनके पहले आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर नगर भवन में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान और मान-सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। यह समय केवल भाषण देने का नहीं, बल्कि धरातल पर काम करके दिखाने का है। निकाय चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाएं : जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी नगर निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठित होकर तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और एकजुट होकर काम करने से ही सफलता हासिल की जा सकती है। वहीं, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद और मनभेद भुलाकर पार्टी और देशहित में एकजुट होकर काम करने की अपील की। संगठन में आया नया उत्साह: जिला महामंत्री निखिल कंडुलना ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं को उनके कार्य और समर्पण के आधार पर जिम्मेदारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि आनंद कुमार के जिलाध्यक्ष बनने से संगठन में नया जोश और ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुबोध गुप्ता ने की, जबकि संचालन दीपक तिग्गा ने किया। मौके पर विनोद भगत, शशांक राय, रामानंद साहू, कृष्णा भगत, मुस्कु स्वांसी, नीरज पाढ़ी, नीरज जायसवाल, संजय नाग, कलीम खान, जोनिका गुड़िया, दिनेश कांशी, गंझू प्रधान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




