Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsBJP s Commitment to Tribal Development and Honor on National Tribal Pride Day
भाजपा आदिवासी समाज के विकास, गौरव के लिए संकल्पित : मरांडी

भाजपा आदिवासी समाज के विकास, गौरव के लिए संकल्पित : मरांडी

संक्षेप: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने जनजाति समाज के विकास और सम्मान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया। मरांडी ने एकलव्य विद्यालयों की संख्या बढ़ाने और आदिवासी समाज के कल्याण हेतु योजनाओं का जिक्र किया।

Wed, 12 Nov 2025 07:57 PMNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास, सम्मान के लिए संकल्पित और समर्पित होने की बात कही। बार-बार भाजपा संगठन और भाजपा सरकारों ने इस भाव को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया। यह बताता है कि झारखंड का जनजाति समाज, भाषा संस्कृति प्रधानमंत्री के दिल में बसी है। उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी भाजपा की सरकार ने ही अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार किया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अलग राज्य गठन की तिथि भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को ही निर्धारित किया गया। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार झारखंड के अमर बलिदानी महापुरुषों, योद्धाओं की सोच के अनुरूप राज्य का विकास चाहती है। अटल जी की सरकार ने ही केंद्र में अलग आदिवासी मंत्रालय बनाए। संताली भाषा को भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल किया। आज नरेंद्र मोदी की सरकार आदिवासी समाज के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही। मरांडी ने कहा कि आदिवासी बच्चों की पढ़ाई के लिए एकलव्य आवासीय विद्यालय योजना का विस्तार किया है। 2014 से पूर्व 123 एकलव्य विद्यालय थे जो आज बढ़ाकर 715 कर दिए गए, जिनमें 426 में पढ़ाई लिखाई चल रही है। यह विद्यालय नवोदय विद्यालय के तर्ज पर है जिसका बजट 2014 के बाद 278 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 6390 करोड़ रुपए कर दिए गए हैं। एकलव्य विद्यालय ने एक लाख बत्तीस हजार बच्चे पढ़ रहे हैं। मोदी सरकार में झारखंड सहित पूरे देश के अनेक प्रतिभावान व्यक्तित्व को चुन चुन कर पद्म सम्मान से सम्मानित किया। झारखंड से भी कई लोग पद्मश्री सम्मान से सम्मानित हुए। झारखंड की रघुवर दास सरकार ने तो पहाड़िया जनजाति बटालियन का गठन कर हजारों आदिवासी परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। मरांडी ने कहा कि राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस को भाजपा प्रदेश भर में उत्सव के रूप में मनाएगी। जिसमें कई कार्यक्रम होंगे। 14 और 15 नवंबर को पूरे प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा और जनजाति समाज के शहीद, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी और दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। सभी जिलों में शोभा यात्राएं, जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन होंगे। जिलों में संगोष्ठी होगी। 15 नवंबर को खूंटी में जनजाति रैली होगी, जिसमें बड़ी संख्या में जनजाति समाज के लोग शामिल होंगे। प्रेसवार्ता में कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद समीर उरांव, प्रदेश जनजाति मोर्चा अध्यक्ष पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित थे।