रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज आपत्तिजनक : आदित्य साहू
सरकार ने पुलिस प्रशासन के मनोबल को सनातन विरोधी बना दिया, हिंदुओं की आस्था, पर्व-त्योहार, पूजा-पाठ में पहुंचाई जा रही बाधा

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालुओं पर पुलिसकर्मियों द्वारा हुए बर्बर लाठीचार्ज पर कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों से हेमंत सरकार में हिंदुओं की आस्था, पर्व-त्योहार, पूजा-पाठ में पुलिस प्रशासन द्वारा बाधा पहुंचाई जा रही। विगत वर्ष तो सरहुल पूजा की शोभायात्रा को भी पुलिस कर्मियों ने नहीं बख्शा था। उन्होंने कहा कि दशहरा, रामनवमी, शिवरात्रि में भी कभी मूर्ति छोटा करने, कभी झंडा छोटा करने कभी शोभा यात्रा का मार्ग बदलने जैसे राज्य सरकार के निर्णयों ने पुलिस प्रशासन के मनोबल को हिंदू सनातन विरोधी बना दिया है।
उन्होंने कहा कि रजरप्पा में आखिर क्यों निहत्थे श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसाई गईं। महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। साहू ने पूछा कि क्या ये श्रद्धालु कोई आतंकवादी थे? ऐसी लाठियां तो अपराधियों पर ही बरसाई जाती है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि अपराधियों के सामने राज्य पुलिस शरणागत बनी रहती है और आम आदमी को प्रताड़ित करती है। कोयला, बालू, पत्थर की चोरी करने वालों पर लाठियां क्यों नहीं बरसाई जाती। उन्होंने कहा कि विगत दिनों मधुपुर में मंदिर का जीर्णोद्घार करते हुए दलितों पर हुए हमले में पुलिस क्यों मूकदर्शक बनी रही। वहां दोषियों पर लाठियां क्यों नहीं बरसाई गईं। सरकार का दोहरा चरित्र झारखंड की जनता देख रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


