एलिवेटेड रोड के पिलरों पर नंबर देने की मांग
रांची में भाजपा के सदस्य किशन अग्रवाल ने एनएचएआई द्वारा बनाए गए एलिवेटेड रोड के खंभों पर क्रमवार नंबर अंकित करने की मांग की है। इससे आसपास की गलियों तक पहुँचने में लोगों को सहूलियत होगी। सांसद संजय सेठ से इस मुद्दे पर ध्यान देने का अनुरोध किया गया है।

रांची, प्रमुख संवाददाता। भाजपा रांची महानगर जिला कमेटी के सदस्य किशन अग्रवाल ने रातू रोड में एनएचएआई द्वारा तैयार एलिवेटेड रोड के खंभों पर नंबर अंकित कराने की मांग की है। उन्होंने रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से आग्रह किया है कि पिलरों में क्रमवार नंबर अंकित किए जाने से आसपास की गलियों तक पहुंचने में आमजन को सहूलियत होगी। कहा है कि एलिवेटेड रोड बनने के पूर्व रातू रोड के न्यू मार्केट से लेकर पंडरा रोड में ओटीसी मैदान व ईटकी रोड में बांस टोली तक सड़क के दोनों छोर पर बसी कॉलोनी, मुहल्ला व गलियों की पहचान आसपास लगे पेड़ और अन्य तरह के संकेतक से संभव था।
एलिवेटेड रोड बनने के बाद से पूर्व के संकेतक व चिन्ह समाप्त हो गए हैं। उन्होंने बताया है कि पिलरों पर एक छोर से दूसरे छोर तक क्रमवार नंबर अंकित करने से वहां की गलियों तक लोगों को पहुंचने व संबंधित मकान को खोजने में काफी सुविधा होगी। इसके अलावा सड़क के मध्य डिवाइडर के अंदर लगे कई तरह के सजावटी पौधों को जीवित रखने के लिए नियमित रूप से पटवन और देखरेख की व्यवस्था बहाल रखने की भी मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


