
सनातन की विरासत से परिपूर्ण है मन की बात : मरांडी
झारखंड भाजपा ने रविवार को राज्य के विभिन्न बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' के 128वें एपिसोड को सुना। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और अन्य नेताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस एपिसोड में भारत की सांस्कृतिक विरासत, युवाओं की उपलब्धियों और आत्मनिर्भर भारत पर चर्चा की गई।
रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से रविवार को राज्य के बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात के 128वां एपिसोड कार्यक्रम को सुना गया। इस दौरान अलग-अलग बूथों पर आम जनता के साथ पार्टी के पदाधिकारी, हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दुमका में मन की बात कार्यक्रम को सुना। वहीं, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने अपने पैतृक गांव कुचु ओरमांझी में, जबकि क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मन की बात कार्यक्रम को सुना।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम प्राचीनता, नवीनता और सनातन की विरासत से परिपूर्ण है। हर बार की तरह मन की बात का 128 वां एपिसोड अद्भुत जानकारियों एवं प्रेरणाओं से परिपूर्ण रहा। भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं और जनता को इसका बेसब्री से इंतजार रहता है। उन्होंने कहा कि रविवार के एपिसोड में देश के उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम सभी भूभाग की विशेषताओं पर ज्ञानवर्धक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, प्रतिभावान युवाओं की उपलब्धियां, खेल-खिलाड़ियों की उपलब्धियां, श्री राम मंदिर पर धर्म ध्वजा आरोहण, काशी के तमिल संगम जैसे सनातन संस्कृति की चर्चा हुई। त्योहारों में वोकल फॉर लोकल के प्रचार-प्रसार ने आत्मनिर्भर भारत को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि विदेशी मेहमानों को भारत के सांस्कृतिक विरासत से जुड़े उपहार देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांस्कृतिक विरासत को विश्व में महिमा मंडित किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




