Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsBJP Leader Aditya Sahu Visits Families of Missing Children in Ranchi Criticizes State Government
राज्य में अपराधी बेलगाम, पुलिस मस्त : आदित्य साहू

राज्य में अपराधी बेलगाम, पुलिस मस्त : आदित्य साहू

संक्षेप:

रांची में भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने लापता बच्चों अंशिका कुमारी और अंश कुमार के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि अपराधी बेलगाम हैं और मुख्यमंत्री चुप हैं। साहू ने कहा कि राजधानी में इस तरह की घटना से कानून-व्यवस्था पर सवाल उठते हैं।

Jan 10, 2026 08:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने जगन्नाथपुर मौसीबाड़ी खटाल के पास से लापता हुए अंशिका कुमारी और अंश कुमार के मामले में पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के माता-पिता से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मौके पर आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और पुलिस मस्त है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर घटना पर मुख्यमंत्री और मंत्रीगण पूरी तरह मौन हैं। इतने दिन बीत जाने के बावजूद सरकार का कोई भी प्रतिनिधि पीड़ित परिवार की सुध लेने तक नहीं पहुंचा, जो यह दर्शाता है कि यह सरकार गरीब और असहाय लोगों की चिंता नहीं करती है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

साहू ने आगे कहा कि यह घटना रांची जैसे राज्य की राजधानी के बीचों-बीच, एक पॉश इलाके में घटी है, जहां से विधानसभा, प्रोजेक्ट भवन और झारखंड हाईकोर्ट महज कुछ ही दूरी पर स्थित हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटना का घटित होना राज्य की विधि-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जब राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में मासूम बच्चे सुरक्षित नहीं हैं, तो पूरे राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। भाजपा इस लापरवाही, असंवेदनशीलता और प्रशासनिक विफलता के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। इस मौके पर अमर कुमार बाउरी, सरोज सिंह, हेमंत दास, अशोक बड़ाईक, रामकुमार पाहन, वरुण साहू, धीरज महतो, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, सूरज चौरसिया, उमेश यादव, उमेश तिवारी, पूनम जायसवाल, नीलम चौधरी, नीरज सिंह सहित कई उपस्थित थे।