राज्य में विधि व्यवस्था की स्थिति बदतर : आदित्य साहू
55 दिनों से लापता बच्चे के परिजनों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, 7 दिनों का पुलिस को दिया अल्टीमेटम, राज्य में बच्चा चोर गैंग सक्रिय, बच्चे की सुरक्षि

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने शनिवार को रांची जिले के सिलदीरी गांव जाकर 22 नवंबर 2025 से लापता कन्हैया कुमार के पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि 55 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मासूम कन्हैया का अब तक कोई सुराग न मिलना अत्यंत पीड़ादायक, दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर चिंताजनक है। साहू ने कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है। पुलिस प्रशासन को आम जनता की समस्याओं, गांव गरीब किसान के कल्याण की कोई चिंता नहीं है। एक तरफ जहां राज्य में जल, जंगल, जमीन की लूट मची है, वहीं दूसरी ओर राज्य में अपरहण और बच्चा चोर गैंग भी बड़ी संख्या में सक्रिय है।
साहू ने पीड़ित परिवारजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया एवं मानवीय संवेदना के तहत खाद्य सामग्री, कंबल सहित आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही कन्हैया कुमार के बड़े भाई के स्वास्थ्य संबंधी इलाज हेतु उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा ₹एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की, ताकि कठिन समय में परिवार को कुछ संबल मिल सके। उन्होंने कहा कि पहले से झारखंड चाइल्ड ट्रैफिकिंग का शिकार है। हाल में मीडिया में छपी खबर से स्पष्ट है कि पिछले चार वर्षों में राज्य से 413 बच्चे लापता हैं। जिनका कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि विगत दिनों धुर्वा क्षेत्र से लापता अंश और अंशिका की खोज खबर मीडिया जगत और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने रांची एसएसपी से फोन पर बात कर लापता कन्हैया कुमार की अविलंब खोज कर बरामद करने का आग्रह किया। साहू ने प्रशासन को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मासूम कन्हैया कुमार को ढूंढने में प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करता है, तो रांची बंद आहूत किया जाएगा। साहू ने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि न्याय, संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार का प्रश्न है। मासूम कन्हैया को न्याय दिलाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जब तक न्याय नहीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



