पलामू में कमजोर हुई भाजपा, परंतु कांग्रेस-जेएमएम को फायदा नहीं
भाजपा की यह कमजोरी अंदरूनी कारण की देन रही, कई प्रत्याशी ने निर्दलयी चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की

रांची, हिटी। पलामू प्रमंडलीय क्षेत्र के नौ नगर निकायों में संपन्न हुए नगरपालिका आम चुनाव में भाजपा कमजोर होती दिख रही है। यद्यपि मेदिनीनगर नगर निगम की मेयर पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी पूर्व मेयर अरुणा शंकर ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। वहीं, लातेहार नगर पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशी महेश सिंह ने जीत दर्ज की है। परंतु गढ़वा नगर परिषद और विश्रामपुर नगर परिषद, वंशीधरनगर, छतरपुर, हरिहरगंज और हुसैनाबाद नगर पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा है। मझिआंव में भी अपने पक्ष में जीत लाने में भाजपा कामयाब नहीं हो सकी है।
हालांकि भाजपा की यह कमजोरी अंदरूनी कारण की देन रही। इसका फायदा प्रदेश के अन्य बड़े दल झामुमो या कांग्रेस नहीं उठा सकते। मझिआंव नगर पंचायत से अध्यक्ष का चुनाव तीसरी बार जीतने वाली महिला प्रत्याशी सुमित्रा देवी, को किसी पार्टी ने समर्थन नहीं दिया था। छतरपुर नगर पंचायत से चुनाव जीतने वाले अरविंद कुमार गुप्ता भी वैचारिक रूप से भाजपा के करीब होकर भी निर्दलीय चुनाव जीते हैं। हरिहरगंज से चुनाव जीती कुमारी शीला चौधरी का परिवार वैचारिक रूप से राजद के करीब रहा है। हुसैनाबाद नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने वाले अजय कुमाार भारती, बसपा के पलामू जिलाध्यक्ष हैं, जबकि विश्रामपुर नगर परिषद की अध्यक्ष चुनी गई गीता देवी, पूर्व सांसद सह झामुमो नेता कामेश्वर बैठा की बहू हैं। वंशीधर नगर से अध्यक्ष पद का चुनाव जीती साधना देवी भी निर्दलीय है, जबकि गढ़वा नगर परिषद से अध्यक्ष का चुनाव जीते दौलत सोनी, निर्दलीय हैं। दौलत सोनी का परिवार भाजपायी रहा है, परंतु भाजपा ने किरण जायसवाल को समर्थन दिया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



