Ranchi News: एसआईआर पर कांग्रेस का विरोध राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण : अजय साह
Ranchi News: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने झारखंड में एसआईआर के विरोध में कांग्रेस के आंदोलन को विरोधाभासी बताया। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया राज्य सरकार के प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न दलों के बीएलए की भागीदारी से चल रही है। साह ने कांग्रेस से उसके सक्रिय बीएलए, फॉर्म-6 आवेदनों और कथित तौर पर हटाए गए मतदाताओं के नामों के ठोस आंकड़े और प्रमाण मांगे।

Ranchi News: रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा ने झारखंड में एसआईआर के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन पर कड़ा प्रहार किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि झारखंड कांग्रेस का आंदोलन विरोधाभासों से भरा हुआ है। झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया को लागू करने की जिम्मेदारी बीएलओ, बीडीओ, सीओ, एसडीएम, डीसी जैसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की है, जो राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के प्रशासनिक तंत्र के अंतर्गत कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस और झामुमो के कार्यकर्ता भी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के रूप में इस प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। ऐसे में एसआईआर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर कांग्रेस एक तरह से अपनी ही सरकार और अपने ही कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रश्नचिह्न लगा रही है।
एसआईआर प्रक्रिया में अधिकारियों और बीएलए की भूमिका
अजय साह ने आगे कहा कि झारखंड में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची को दुरुस्त करने का काम कर रहे हैं। परिवारों तक तीन-तीन बार पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जिन लोगों की मैपिंग नहीं हो पाई है, उन्हें भी फॉर्म-6 के माध्यम से नए सिरे से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है। वहीं, फॉर्म-8 के जरिए पता परिवर्तन की प्रक्रिया भी जारी है। इस पूरी प्रक्रिया में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता बीएलए के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
कांग्रेस से सक्रिय बीएलए और आंकड़ों पर सवाल
कांग्रेस बताए उनके कितने बीएलए सक्रिय
उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि पार्टी बताए कि उसके कितने कार्यकर्ता बीएलए के रूप में सक्रिय हैं? कितने लोगों ने फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए आवेदन दिया और उनमें से कितने आवेदन अस्वीकृत हुए? यदि कांग्रेस वास्तव में मतदाताओं के नाम काटे जाने का दावा कर रही है, तो उसे ठोस आंकड़ों और प्रमाणों के साथ सामने आना चाहिए। सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के बावजूद कांग्रेस उन लोगों की पर्याप्त संख्या भी सामने नहीं रख पाई है, जिनके नाम काटे जाने का वह दावा कर रही है।

