कांग्रेस को अस्तित्व बचाओ अभियान चलाए : प्रतुल
गांधी परिवार का पार्टी पर प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से कब्जा, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर बहाने तैयार कर रही

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता प्रदीप यादव की प्रेस वार्ता पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस को अब लोकतंत्र बचाओ नहीं, बल्कि वोट बचाओ और अस्तित्व बचाओ अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के अपने संगठन में लोकतंत्र नहीं बचा, वह अब जनता को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने निकली है। लंबे समय से गांधी परिवार पार्टी पर प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से कब्जा कर बैठा है। कांग्रेस के 130 वर्षों के इतिहास में सोनिया गांधी सबसे ज्यादा समय 20 वर्षों से भी ज्यादा तक राष्ट्रीय अध्यक्ष रही हैं।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस को यह डर सता रहा है कि झारखंड की जनता अब उन्हें पूरी तरह नकार चुकी है। जनता ने कांग्रेस को पहले ही अनलिस्टेड पार्टी बना दिया है, इसलिए अब कांग्रेस वोटर लिस्ट की चिंता कर रही है। प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की प्रेस वार्ता केवल राजनीतिक हताशा का प्रदर्शन थी। उन्होंने कहा कि संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने तो इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था। 42वें संविधान संशोधन के जरिए पूरे संविधान का स्वरूप बदलने का प्रयास किया था। अब वह संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर हार से पहले बहाने तैयार कर रही है। प्रदेश प्रवक्ता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसी जो भी पार्टियां एसआईआर का विरोध कर रही हैं, उससे यह जाहिर है ये दल घुसपैठियों, मरे हुए लोगों और पलायन कर चुके लोगों के फर्जी वोटों की बदौलत ही चुनाव जीतते थे। प्रतुल ने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास, विकास और सेवा के बल पर आगामी घाटशिला चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी। झामुमो, कांग्रेस अपनी अंदरूनी कलह और असमंजस में ही उलझकर रह जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




