सनातन संस्कृति की जड़ें पाताल तक : मरांडी
भाजपा मना रही सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, भगवान शिव का हुआ जलाभिषेक, आरती, भारत की सांस्कृतिक चेतना फिर से खड़ी हो गई

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। सोमनाथ मंदिर की पुनर्स्थापना को भाजपा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के रूप में मना रही है। इस अवसर पर भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार पूरे देश में शनिवार को सभी मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य, राष्ट्रीय पदाधिकारी, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक एवं सभी जनप्रतिनिधियों-कार्यकर्ताओं ने अपने नजदीक के शिवालय में जाकर भगवान शिव की आरती, जलाभिषेक, मंत्रोच्चार उपासना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा विदेशी आक्रांताओं ने न केवल भारत की धन संपदा को लूटा, बल्कि भारत के मान बिंदुओं पर भी प्रहार किया।
इसे मिटाने की हर संभव कोशिशें की, लेकिन सनातन संस्कृति की जड़ें पाताल तक हैं। इसे मिटाने की कोशिश करने वाले ही समय के साथ मिटते चले गए। उन्होंने कहा कि आक्रांत मोहम्मद गजनी ने सोमनाथ मंदिर से हीरे जवाहरात, सोना-चांदी सब लूटे और अद्वितीय शिवलिंग सोमनाथ पर भी चोट की थी। यह हमला भारत की आत्मा पर हमला था। लेकिन भारत की सांस्कृतिक चेतना फिर से खड़ी हो गई। आज सोमनाथ की पुनर्स्थापना के 1000 वर्ष पूर्ण हुए। इतने वर्षों में दुनिया की कितनी संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन भारत अपनी सांस्कृतिक पहचान पर खड़ा है। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने अपने पैतृक गांव स्थित शिवालय में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। साहू ने कहा कि शिव सत्य है, सुंदर है। अटल हैं, अविनाशी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का संस्कृतिक गौरव पुनर्स्थापित हो रहा है। अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ और महाकाल उज्जैन कॉरिडोर का निर्माण भारत की सनातन संस्कृति को महिमा मंडित करता है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची पहाड़ी पर पहाड़ी बाबा का जलाभिषेक और पूजन-आरती की। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन है, जिसे याद करने की आवश्यकता है। विशेषकर युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत का परिचय जानना आवश्यक है। भारत के सनातन मान बिंदु भारत की पहचान हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




