पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए भाजपा खड़ी : अमर कुमार बाउरी

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

बोकारो जिले के फुसरो में चार माह की गर्भवती महिला अनीता देवी की हत्या के मामले में भाजपा ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पार्टी का प्रतिनिधिमंडल एक जून को पीड़ित परिवार से मिलेगा।

पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए भाजपा खड़ी : अमर कुमार बाउरी

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। बोकारो जिले के बेरमो स्थित फुसरो में चार माह की गर्भवती महिला अनीता देवी की हत्या के मामले को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि इस मामले में अब तक हुई छह लोगों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है और घटना के मुख्य सरगना की अविलंब गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ खड़ी है। पार्टी इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने को प्रतिबद्ध है। भाजपा नेता ने पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपए मुआवजा देने, घटना में शामिल दोषी पुलिस अधिकारी एवं निष्पक्ष पोस्टमार्टम प्रक्रिया को खराब करने, उसमें बाधक बनने वाले मेडिकल कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा है कि जरूरत पड़ी तो इस मामले को अनुसूचित जाति आयोग को भी लिखित रूप से सूचित किया जाएगा।

भाजपा ने स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए

अमर बाउरी ने आरोप लगाया है कि स्थानीय प्रशासन और सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में मामले को दबाने और मैनेज करने का प्रयास किया गया। फिर भाजपा द्वारा बोकारो चक्का जाम का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद ही पुलिस ने जल्दबाजी में गिरफ्तारियां कीं。

पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलेगा

बाउरी ने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल एक जून को पुनः पीड़ित परिवार से मिलने जाएगा। उन्होंने बोकारो के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और संबंधित थानों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रेसवार्ता में भाजपा ने कांग्रेस विधायक पर भी मुख्य आरोपित को बचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। बाउरी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और प्रशासन राजनीतिक दबाव में कार्य कर रहा है। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ तथा एससी मोर्चा के प्रवक्ता राकेश भी उपस्थित थे।

सामान्य प्रश्न

भाजपा ने किस मामले में राज्य सरकार पर आरोप लगाए?
भाजपा ने बोकारो जिले के फुसरो में चार माह की गर्भवती महिला अनीता देवी की हत्या के मामले में राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।