Ranchi News: बीएयू में आणविक प्रयोगशाला शुरू, पौध रोगों की पहचान होगी आसान
Ranchi News: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के पौधा रोग विज्ञान विभाग में अत्याधुनिक आणविक प्रयोगशाला शुरू हुई, जिसका उद्घाटन कुलपति डॉ. एससी दुबे ने किया। लैब पादप रोगों की सटीक पहचान और निदान के साथ उनके बेहतर प्रबंधन में मदद करेगी। यह विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को उन्नत प्रशिक्षण देगी। आधुनिक उपकरणों से अनुसंधान, फसल स्वास्थ्य और उत्पादकता में सुधार तथा किसानों की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने की उम्मीद है।

Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के पौधा रोग विज्ञान विभाग में बुधवार को अत्याधुनिक आणविक प्रयोगशाला (मॉलिक्यूलर लैब) की शुरुआत हुई। इसका उद्घाटन कुलपति डॉ. एससी दुबे ने किया। इस प्रयोगशाला का मुख्य उद्देश्य पादप रोगों की सटीक पहचान, निदान और उनके बेहतर प्रबंधन व नियंत्रण को सुगम बनाना है। यह लैब स्नातकोत्तर, पीएचडी विद्यार्थियों, शोधार्थियों व शिक्षकों को व्यावहारिक व उन्नत प्रशिक्षण देगी। कुलपति ने बताया कि आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता से शोध कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा। पादप रोगजनकों पर उन्नत अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा और प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिकाओं में शोध पत्रों के प्रकाशन को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे फसलों के स्वास्थ्य व उत्पादकता में भी सुधार होगा।
शोध और प्रशिक्षण को मिलेगा बढ़ावा
आधुनिक रोग निदान तकनीक में विद्यार्थी होंगे दक्ष
पौधा रोग विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ एचसी लाल ने कहा कि इस सुविधा से विभाग की अनुसंधान क्षमताओं को मजबूती मिलेगी। विद्यार्थी आधुनिक रोग निदान तकनीकों में दक्षता हासिल कर सकेंगे। प्रयोगशाला में आणविक तकनीकों के माध्यम से पादप रोगजनकों की पहचान और उनके लक्षणों का विश्लेषण किया जाएगा। विशेष रूप से महत्वपूर्ण कृषि व बागवानी फसलों में रोग उत्पन्न करनेवाले रोगजनकों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इन अध्ययनों से रोगों के अधिक सटीक निदान में मदद मिलेगी और स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुकूल प्रभावी व किफायती रोग प्रबंधन उपायों के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
फसल नुकसान कम करने और किसानों की मदद पर जोर
फसलों के नुकसान में आएगी कमी
प्रयोगशाला के प्रभारी डॉ ल्हाम दोरजी ने कहा कि दीर्घकाल में प्रयोगशाला का उद्देश्य अधिक विश्वसनीय रोग निदान को बढ़ावा देकर, फसलों के नुकसान को कम करके और पौध संरक्षण से संबंधित उचित वैज्ञानिक जानकारी के आधार पर निर्णय लेने की प्रक्रिया को प्रोत्साहित कर अनुसंधान को किसानों के और करीब लाना है। इससे अनुसंधान को सुदृढ़ करने, विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल का विकास करने व किसानों की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने के माध्यम से झारखंड के कृषि विकास में योगदान मिलने की उम्मीद है।
मौके पर कृषि संकाय के डीन डॉ डीके शाही, डॉ एमके बर्णवाल, निदेशक अनुसंधान डॉ पीके सिंह, स्नातकोत्तर अध्ययन संकाय के डीन डॉ रमेश कुमार, आनुवंशिकी एवं पौधा प्रजनन विभाग की अध्यक्ष डॉ मणिगोपा चक्रवर्ती व छात्र कल्याण निदेशक डॉ बीके अग्रवाल भी उपस्थित थे।
प्रयोगशाला में उपलब्ध आधुनिक उपकरण
प्रयोगशाला में आधुनिक यंत्र उपलब्ध कराए गए
प्रयोगशाला में स्पेक्ट्रोफोटोमीटर, पॉलीमरेज चेन रिएक्शन (पीसीआर) प्रणाली, जेल डॉक्यूमेंटेशन सिस्टम, इलेक्ट्रोफोरेसिस उपकरण, रेफ्रिजरेटेड सेंट्रीफ्यूज, डीप फ्रीजर और नैनोड्रॉप उपकरण सहित कई आधुनिक यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों की मदद से जैविक नमूनों का विश्लेषण, आनुवंशिक पदार्थों का संवर्धन और परीक्षण, रोग उत्पन्न करने वाले जीवों की पहचान सहित आणविक जीव विज्ञान और पादप रोग विज्ञान से जुड़े विभिन्न कार्य किए जा सकेंगे।

