गढ़वा जिला सौंदर्य के साथ-साथ राज्य का भी आध्यात्मिक जिला है। बाबा बंशीधर मंदिर आध्यात्मिकता से परिपूर्ण है। उक्त बातें राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को नगर ऊंटारी के गोसाईंबाग मैदान में आयोजित दो दिवसीय बंशीधर महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते कही। राज्यपाल ने कहा कि गढ़वा जिला पर्यटन क्षेत्र के तौर पर भी परिपूर्ण है। सरकार पर्यटन क्षेत्र का विकास कर रही है। देश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। वैसे में पर्यटन क्षेत्र को विकसित कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाबा बंशीधर मंदिर के अलौकिक गुणों का बखान कर राज्य स्तर के साथ-साथ देश और दुनिया में इसकी पहचान दिलायी जा सकती है। आनेवाले दिनों में विकसित होकर बंशीधर मंदिर अपनी अलग पहचान बनाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी लोगों को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित होने के बाद जिले का नया स्वरूप अवतरित होगा। उससे विकास के नए आयाम जोड़े जाएंगे। राज्य में विकास का काम दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। अब विकास की पहिया रूकने वाला नहीं है। राज्यपाल ने सभी लोगों से भाईचारगी के साथ जुड़कर क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही किसी भी क्षेत्र का संपूर्ण विकास किया जा सकता है। बकौल राज्यपाल महोत्सव में शामिल होकर वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।