नशा नहीं, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास को चुनें : सुखराम
मुरहू के कंतिकेल गांव में महिला मंडल द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी गई। मुखिया सुखराम सरूकद ने नशे की विभिन्न प्रकारों के साथ-साथ महिलाओं की भूमिका पर जोर दिया। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह भी दी गई।

मुरहू, प्रतिनिधि। इंदीपीड़ी पंचायत के कंतिकेल गांव में महिला मंडल के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, युवाओं तथा गांव के अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान नशे और विभिन्न बुरी आदतों से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत के मुखिया सुखराम सरूकद ने कहा कि नशा केवल हड़िया, दारू, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा और तंबाकू तक सीमित नहीं है। मोबाइल का अत्यधिक उपयोग, इंटरनेट पर अनावश्यक समय बिताना, जुआ खेलना, गाली-गलौज करना, आलस्य, समय की बर्बादी और काम से बचने जैसी प्रवृत्तियां भी व्यक्ति एवं समाज के विकास में बड़ी बाधा बनती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भूमिका परिवार और समाज के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण होती है। एक मां ही बच्चों को शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और सही दिशा प्रदान करती है। यदि महिलाएं जागरूक हों तो वे पूरे परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में अहम योगदान दे सकती हैं。
नशा परिवार और समाज दोनों के लिए घातक:
मुखिया ने कहा कि नशे की वजह से परिवार की आय बर्बाद होती है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। इसके साथ ही पारिवारिक विवाद बढ़ते हैं और समाज विकास की मुख्यधारा से पीछे छूट जाता है। उन्होंने सभी लोगों से अपने भीतर मौजूद बुरी आदतों को पहचानकर उन्हें त्यागने का संकल्प लेने की अपील की।
योजनाओं का लाभ लेने की अपील:
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, आवास, पेंशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सेविका, सखी मंडल की मनीषा, महिला मंडल की दीदियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने मिलकर नशामुक्त, स्वस्थ, शिक्षित और विकसित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


