शिव मंदिर से गणेश प्रतिमा व पीतल का शेषनाग चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
कर्रा के गोविंदपुर गांव में एक प्राचीन शिव मंदिर से भगवान गणेश की संगमरमर की प्रतिमा और पीतल का शेषनाग चोरी हो गया है। ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने जरियागढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

कर्रा, प्रतिनिधि। जरियागढ़ थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के समीप कारो नदी तट पर स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर से भगवान गणेश की संगमरमर की प्रतिमा और पीतल का शेषनाग चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मामले को लेकर गुरुवार को जरियागढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की शाम लगभग सात बजे तक श्रद्धालु मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना कर रहे थे। उस समय मंदिर परिसर में स्थापित सभी प्रतिमाएं और पूजन सामग्री सुरक्षित थी। लेकिन गुरुवार सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो देखा कि भगवान गणेश की संगमरमर की प्रतिमा और पीतल का शेषनाग अपने स्थान से गायब हैं।घटना
की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए और इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलते ही जरियागढ़ थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह शरारती तत्वों की करतूत प्रतीत हो रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।घटना की सूचना पर तोरपा सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



