Ranchi News: मंदिरों में अजा एकादशी पर अनुष्ठान, गूंजे श्रीहरि व बाबा श्याम के जयकारे
Ranchi News: रांची में अजा एकादशी के मौके पर मंदिरों में पूजा-अर्चना और विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मिलकर पूजन किया और भजन-कीर्तन में भाग लिया। महाप्रसाद का वितरण भी हुआ। प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजनों के साथ भक्तों ने भगवद् दर्शन प्राप्त किया और समृद्धि की कामना की।

Ranchi News: रांची, प्रमुख संवाददाता। अजा एकादशी पर सोमवार को राजधानी के मंदिरों में पूजा-अर्चना और विशेष अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर आरती में भाग लिया और देश व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। अनुष्ठान के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया, वहीं देर रात तक मंदिरों में एकादशी जागरण एवं भजन-कीर्तन की गूंज बनी रही। रातू रोड स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर, बालाजी मंदिर में सुबह जगत नियंता के विश्वरूप दर्शन के साथ विशेष अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। भगवान का अभिषेक, दैनिक पूजन व भोग अर्पण के उपरांत नक्षत्र आरती, कुंभ आरती और कुंकुम आरती संपन्न हुई।
मंदिर के अर्चकों द्वारा श्रुति, उपनिषद एवं देशिक स्तोत्र पाठ के साथ सर्वमंगल की प्रार्थना की गई। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने श्रीमन्न नारायण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।दूसरी ओर, अपर बाजार के अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह खाटू नरेश की दैनिक पूजा, भोग और आरती के बाद प्रसाद बांटा गया। रात्रि में श्री श्याम मंडल के तत्वावधान में अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर जागरण सह संकीर्तन आयोजित हुआ, जिसमें कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मंडल के रमेश सारस्वत, गोपी किशन ढंढ़ानियां, ओम जोशी, चंद्रप्रकाश बागला, धीरज बंका, विकास पाडिया, नितेश केजरीवाल, प्रियांश पोद्दार, प्रदीप अग्रवाल, अमित जालान, अजय साबू, सुमित पोद्दार और अशोक धानुका सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। इसके अलावा, हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में भी श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन हुआ।


