बिना अपेक्षा संगठन की सेवा से मिलती है सफलता : आदित्य साहू

Jan 16, 2026 08:16 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची महानगर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया भव्य स्वागत, सैकड़ों कार्यकर्ता पुष्पमालाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ मौजूद रहे

बिना अपेक्षा संगठन की सेवा से मिलती है सफलता : आदित्य साहू

रांची। विशेष संवाददाता भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू का शुक्रवार को भाजपा रांची महानगर जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। सैकड़ों कार्यकर्ता पुष्पमालाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि समर्पित कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने कहा कि आज यदि मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं, तो वास्तव में आप सभी ही प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के निस्वार्थ समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि बिना किसी अपेक्षा के संगठन की सेवा करने वाले कार्यकर्ताओं के कदम स्वयं सफलता को चूमते हैं।

अपने राजनीतिक संघर्ष का उल्लेख करते हुए श्री साहू ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह राज्यसभा सांसद या प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे। उन्होंने केवल संगठन की सेवा की और पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। नगर निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के निरंतर आंदोलन और दबाव के कारण ही सरकार को चुनाव कराने के लिए मजबूर होना पड़ा है। अब लक्ष्य स्पष्ट है-निकाय चुनाव में सभी सीटों पर विजय। राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में हालात चिंताजनक हैं। धुर्वा से अपहृत बच्चों के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के दबाव के बिना उनकी बरामदगी संभव नहीं होती। तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए मधुपुर की घटना को इसका उदाहरण बताया। इस अवसर पर विधायक सीपी सिंह और विधायक नवीन जयसवाल ने आदित्य साहू के नेतृत्व को कार्यकर्ता-आधारित राजनीति की जीत बतायी। समारोह की अध्यक्षता रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने की। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक , सत्यनारायण सिंह, मनोज मिश्रा, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, सुबोध सिंह गुड्डू, संदेश वर्मा, रमेश सिंह, मुकेश मुक्ता, कृपाशंकर सिंह, हरबिंदर सिंह बेदी, दीन दयाल वर्णवाल, राजेंद्र केशरी, ऊषा पांडेय, संजय जयसवाल व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;