Ranchi News: सिल्ली में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते अमीन गिरफ्तार
Ranchi News: सिल्ली के अंचल कार्यालय में पदस्थ अमीन विनोद लोहरा को एसीबी ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता विद्या भूषण कोईरी ने आरोप लगाया था कि अमीन ने जमीन की मापी के लिए रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने जाल बिछाकर अमीन को रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्यालय में एसीबी की दूसरी कार्रवाई है।

Ranchi News: सिल्ली, प्रतिनिधि। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई में गुरुवार को सिल्ली अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन विनोद लोहरा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उसे सिल्ली थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। इसके बाद अधिकारियों ने अंचल कार्यालय पहुंचकर सीओ सहित अन्य कर्मियों से भी पूछताछ की। जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद एसीबी की टीम अमीन विनोद लोहरा को करीब साढ़े चार बजे रांची लेकर रवाना हुई। जमीन की मापी के नाम पर मांगी थी रकम:
रिश्वत मांगने की शिकायत
एसीबी के अनुसार, बड़ा मुरी निवासी और वर्तमान में बोकारो के चास निवासी विद्या भूषण कोइरी की करीब दो एकड़ से अधिक जमीन की मापी कर उनके नाम कागजात दुरुस्त करने के नाम पर अमीन विनोद लोहरा ने पहले पांच लाख रुपये की मांग की थी। बाद में दो लाख रुपये और चार डिसमिल जमीन देने पर सौदा तय हुआ था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर विद्या भूषण कोइरी ने रांची स्थित एसीबी कार्यालय में इसकी शिकायत की।
एसीबी की योजना और गिरफ्तारी
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल:
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान अमीन द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार करने की योजना बनाई गई। योजना के तहत गुरुवार को शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये लेकर अमीन विनोद लोहरा के पास पहुंचा। जैसे ही अमीन ने रुपये लिए, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही सिल्ली अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। इसके बाद टीम आरोपी अमीन को अपने साथ रांची ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पिछली कार्रवाई का विवरण
आठ माह बाद अंचल कार्यालय में एसीबी की दूसरी कार्रवाई:
सिल्ली अंचल कार्यालय में करीब आठ माह बाद एसीबी की यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले 19 फरवरी को एसीबी ने अमीन गणेश महतो को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। गुरुवार की कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चा होती रही।

