तोरपा का सूरज 2300 किमी पैदल चलकर तीर्थयात्रा से लौटा, हुआ स्वागत
तोरपा के 22 वर्षीय सूरज कुमार सिंह ने 2300 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी की और कई प्रमुख तीर्थस्थलों का दर्शन किया। परिवार ने उसका भव्य स्वागत किया। सूरज ने यात्रा के दौरान आत्मिक शांति का अनुभव किया और अब संपूर्ण भारत की पैदल यात्रा करने का सपना देख रहा है।

तोरपा, प्रतिनिधि। तोरपा निवासी 22 वर्षीय सूरज कुमार सिंह 2300 किलोमीटर अकेले पैदल चलकर देश के कई प्रमुख तीर्थस्थलों का दर्शन कर शनिवार को वापस अपने घर लौट आया। उसकी इस अनोखी यात्रा की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। लौटने पर परिवार और मुहल्लेवासियों ने फूल-माला पहनाकर उसका भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान सूरज ने काशी विश्वनाथ, अयोध्या में रामलला, मथुरा-वृंदावन में बांके बिहारी, खाटूश्याम बाबा और बागेश्वर धाम समेत कई प्रसिद्ध तीर्थस्थलों के दर्शन किए। उसने कहा कि इन पवित्र स्थलों में पहुंचकर उसे आत्मिक शांति और विशेष आनंद की अनुभूति हुई।पेशे से पेंटिंग का काम करने वाला सूरज कुमार सिंह 19 फरवरी को तोरपा से तीर्थयात्रा के लिए निकला था।
उसने बताया कि उसके मन में अचानक पैदल यात्रा कर भगवान के प्रमुख धामों के दर्शन करने का विचार आया। घर वाले मना न करें, इसलिए उसने यात्रा की जानकारी पहले किसी को नहीं दी।रास्ते में कई अनजान लोगों ने किया सहयोग:सूरज ने बताया कि वह दिनभर पैदल चलता था और रात होने पर धर्मशाला, मंदिर या सड़क किनारे कहीं भी विश्राम कर लेता था। रास्ते में कई अनजान लोगों ने उसका सहयोग किया। उसने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान उसे किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और भगवान का नाम लेते हुए वह लगातार आगे बढ़ता रहा।अब पूरे भारत की पैदल यात्रा का सपना:सूरज ने बताया कि इस यात्रा से उसका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। साथ ही उसे देश को करीब से जानने और अलग-अलग लोगों से मिलने का अवसर मिला। अब उसकी इच्छा संपूर्ण भारत की पैदल यात्रा करने की है।परिवार को बेटे पर गर्व:सूरज शादीशुदा है और उसकी एक बेटी है। परिवार के लोग पहले उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे, लेकिन सकुशल लौटने और इतनी बड़ी यात्रा पूरी करने पर अब गर्व महसूस कर रहे हैं। तीर्थस्थलों का दर्शन तोरपा लौटने पर सूरज ने युवाओं से नशापान से दूर रहने, अपनी संस्कृति को जानने और देश के धार्मिक स्थलों से जुड़ने की अपील की। उसकी इस साहसिक यात्रा की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


