ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीपंजाब में फंसे हैं 2050 झारखंडी, सिर्फ 55 लोगों से संपर्क साधा जा सका है

पंजाब में फंसे हैं 2050 झारखंडी, सिर्फ 55 लोगों से संपर्क साधा जा सका है

लॉकडाउन के बाद राज्य से बाहर गए मजदूर व किसान कई राज्यों में फंसे हुए है। पंजाब में 2050 झारखंडी फंसे हुए हैं, जिन्हें सरकार की ओर से मदद देने का प्रयास हो रहा है। अभी तक 55 झारखंडियों से संपर्क साधा...

पंजाब में फंसे हैं 2050 झारखंडी, सिर्फ 55 लोगों से संपर्क साधा जा सका है
हिन्दुस्तान टीम,रांचीSun, 29 Mar 2020 07:22 PM
ऐप पर पढ़ें

लॉकडाउन के बाद राज्य से बाहर गए मजदूर व किसान कई राज्यों में फंसे हुए है। पंजाब में 2050 झारखंडी फंसे हुए हैं, जिन्हें सरकार की ओर से मदद देने का प्रयास हो रहा है। अभी तक 55 झारखंडियों से संपर्क साधा गया है, जिनकी मदद के लिए कृषि विभाग ने पंजाब के प्रशासन को मदद के लिए पत्र लिखा है।

इसमें कहा गया है कि ऐसे लोगों के बेरोजगार होने के बाद उन्हें राशन मुहैया कराया जाए और उन्हें रहने में भी कोई दिक्कत है, तो उसकी व्यवस्था की जाए। वहां फंसे लोगों में से कुछ ने बताया कि वे झारखंड आना चाहते हैं, लेकिन उन्हें समझाया गया कि अभी लॉकडाउन में उन्हें आने की अनुमति नहीं मिल सकती है। वे जहां भी हैं वहीं रहें, सरकार उनकी मदद करेगी।

इधर, मंत्री रामेश्वर उरांव ने भी अभी किसी व्यक्ति को झारखंड नहीं आने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि अभी जो माहौल है उसमें कोरोना का संक्रमण बढ़ सकता है। जो जहां हैं वहीं रहें सरकार उनकी मदद के लिए तैयार है। सरकार की ओर से कई हेल्पलाईन नंबर जारी किए गए हैं। वे अधिकारी व मंत्रियों के मोबाइल नंबर पर भी संपर्क कर सहायता ले सकते हैं। हालांकि, हर राज्य की सरकार ऐसे लोगों की मदद के लिए सामने आ रही है और हर संभव उनकी मदद भी कर रही है। सरकार अपने लोगों की मदद के लिए राशि भी देने को तैयार है।

पंजाब खेतों में काम करने गए थे

विभागीय सूत्रों के अनुसार इसमें से अधिकतर लोग पंजाब में खेती करने गए थे। ये सभी दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। लेकिन अचानक लॉकडाउन के बाद इनकी आय भी बंद हो गई है। यह स्थिति पंजाब में काम करने गए विभिन्न मजदूरों की भी है। विभाग के अनुसार इन सभी फंसे लोगों से संपर्क साधा जा रहा है। उन्हें पंजाब सरकार पूरी मदद भी कर रही है।

चतरा के युवक की मदद के लिए पंजाब सरकार आगे आयी:

पंजाब के कपूरतल्ला में फंसे चतरा के प्रतापपुर के निवासी विजय ठाकुर की मदद के लिए पंजाब सरकार आगे आयी। पंजाब के डिपार्टमेंट आॅफ फूड सिविल सप्लाईज एंड कंज्यूमर अफेयर डीएफएसओ ने इस युवक की मदद की। युवक ने बताया कि उसने मदद के लिए झारखंड सरकार से संपर्क साधा था और एक दिन के अंदर ही उसे वहां की स्थानीय सरकार से मदद मिली। वहां के प्रशासन ने कहा कि वे कहीं नहीं निकले, उन्हें जो जरूरत पड़ेगी, उसकी मदद की जाएगी। वे दिए गए मोबाइल नंबर पर सिर्फ संपर्क करें।

ऐसे संपर्क कर रहे फंसे लोग:

पंजाब में फंसे लोगों की मदद के लिए झारखंड सरकार की ओर से तीन तरह से मदद ली जा रही है। कृषि विभाग के अधिकारियों को पंजाब के लिए नोडल ऑफिसर बनाया गया है। विभाग ने पहले तो अपने सरकारी वेबसाइट में ऐसे लोगों की मदद के लिए अलग से कॉलम बनाया है, जिसमें वे खुद अपनी पूरी जानकारी ऑनलाइन डाल सकते हैं। दूसरा वे नोडल ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए नंबर पर कॉल कर सकते हैं और तीसरा वे जनप्रतिनिधि, विधायक या एमपी को भी संपर्क साधकर लाभ ले सकते हैं। काफी लोगों की शिकायत यह भी है कि जो हेल्पलाईन नंबर सरकार ने जारी की है वो काम ही नहीं करता है। इसमें कॉल करने पर फोन सिर्फ होल्ड में ही रहता है। यह हाल दिनभर का है। इससे भी संपर्क साधने में परेशानी हो रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें