ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीतीन दिन में 13 से 21 प्रतिशत हुई पॉजिटिविटी रेट

तीन दिन में 13 से 21 प्रतिशत हुई पॉजिटिविटी रेट

रांची में मरीज भी बढ़े हैं और पॉजिटिविटी रेट में भी अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। एक अप्रैल को रांची की पॉजिटिविटी रेट, जहां 13.15 प्रतिशत थी, वह 2...

तीन दिन में 13 से 21 प्रतिशत हुई पॉजिटिविटी रेट
हिन्दुस्तान टीम,रांचीSun, 04 Apr 2021 09:40 PM
ऐप पर पढ़ें

रांची में प्रति 100 सैंपल में 21, खूंटी में 17, गोड्डा में 7, सिमडेगा व दुमका में मिले पांच संक्रमित

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो

राज्यभर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। राज्य के सभी जिलों तक दोबारा संक्रमण पहुंच चुका है। जबकि, रांची में संक्रमण की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। पिछले तीन दिनों की बात करें, तो राज्य में मरीजों की संख्या तो बढ़ी है, लेकिन पॉजिटिविटी रेट में मामूली कमी आई है। जबकि, रांची में मरीज भी बढ़े हैं और पॉजिटिविटी रेट में भी अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। एक अप्रैल को रांची की पॉजिटिविटी रेट, जहां 13.15 प्रतिशत थी, वह 2 अप्रैल को बढ़कर 14.88 फीसदी और 3 अप्रैल को 21.20 फीसदी तक पहुंच गयी। यानी शनिवार को रांची में प्रति 100 सैंपल में 21.20 मरीज पॉजिटिव मिले।

अन्य जिलों में भी बढ़ा संक्रमण

ज्यादा संक्रमण वाले अन्य जिलों में खूंटी, गोड्डा, सिमडेगा व दुमका भी शामिल हो गए हैं। प्रति 100 सैंपल खूंटी में 17.10, गोड्डा में 6.83, सिमडेगा में 5.05 और दुमका में 4.61 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पूर्वी सिंहभूम में मरीजों की संख्या तो बढ़ी है, लेकिन वहां की पॉजिटिविटी रेट में कमी आई है। शनिवार को पूर्वी सिंहभूम में 3751 सैंपल की जांच में 101 संक्रमित मरीज मिले। यानी संक्रमण की दर महज 2.69 फीसदी पाई गई। हालांकि, शुक्रवार को 5.14 और गुरुवार को 2.13 प्रतिशत पॉजिटिविटी दर थी।

राज्यभर की बात करें तो पिछले तीन दिनों में मरीज तो बढ़े हैं, लेकिन संक्रमण दर में कमी आई है। एक अप्रैल को 16,983 सैंपल की जांच में 690 मरीज मिले थे। 2 अप्रैल को 16943 सैंपल में 694 और 3 अप्रैल को 21896 सैंपल की जांच में 873 मरीज मिले। यानी, एक अप्रैल को राज्य की पॉजिटिविटी रेट जहां 4.06 प्रतिशत और 2 अप्रैल को 4.09 प्रतिशत थी, वहीं, 3 अप्रैल को 3.98 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें