मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने की पूजा-अर्चना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किए। इस अवसर पर बाबा आम्रेश्वर धाम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की। जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का जिक्र किया, जिसमें विकास, आत्मनिर्भरता, और जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं।

खूंटी, संवाददाता। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने और देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर बुधवार को बाबा आम्रेश्वर धाम में भाजपा पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष पूजा-अर्चना और प्रार्थना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भगवान शिव शंकर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की। उपस्थित लोगों ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए इसे सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित कार्यकाल बताया।
जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता, आधारभूत संरचना, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर जिला महामंत्री निखिल कंडुलना, जिला उपाध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, जिलामंत्री कंचन सिंह, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, वरिष्ठ कार्यकर्ता जयप्रकाश भाला, मुरहू मंडल अध्यक्ष विजय स्वांसी, तपकरा मंडल अध्यक्ष मुस्कु, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष तोरपा पुरेंद्र माझी, अजित राय, प्रसून मांझी, सुखमोहन नायक, बजरंग दल के कर्मवीर महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।


