JPSC-JSSC विवाद पर रांची सांसद ने राहुल गांधी को दिया खुला चैलेंज, बच्चों पर लाठीचार्ज पर बुरी तरह भड़के
रांची के सांसद संजय सेठ ने राहुल गांधी और हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि अगर राहुल को बच्चों के प्रति थोड़ी संवेदना है तो रांची आकर अस्पताल में उनसे मिलिए।

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतला दहन के दौरान जमकर बवाल देखने को मिला था। पुलिस द्वारा आंदोलनकारी छात्रों पर चेतावनी के बाद हल्का बल प्रयोग किए जाने की बात सामने आई। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची से सासंद संजय सेठ ने पुलिस के लाठीचार्ज पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि कल बच्चों पर अत्याचार हुआ था। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी को खुला चैलेंज दिया है। उन्होंने कहा है कि राहुल से कहा है कि अगर बच्चों के प्रति वे थोड़ी संवेदना रखते हैं तो रांची आइए और घायल छात्राओं से मिलिए।
सेठ ने कहा ‘कल जिस तरह से अत्याचार और जिस तरह से बच्चों पर लाठीचार्ज हुआ किसने किया हिंदुस्तान के सभी मीडिया चैनल पर फुटेज है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकर्ता पहले से लाठी लेकर तैयार थे। मुख्यमंत्री जी लोकतंत्र को कहां लेकर जा रहे हो? झारखंड को कहां ले जा रहे हो अरे राहुल गांधी जी आप चुप बैठे हो। जेएमएम के कार्यकर्ता आपकी सरकार में साथी के कार्यकर्ता हमारे बच्चों को पीट रहे हैं।’
राहुल गांधी और सोरेन को जमकर सुनाई खरी-खरी
रांची सांसद ने आगे कहा 'विश्वास नहीं है तो टीवी चैनल से फुटेज ले लो। लेकिन आपके पास समय नहीं आपका दोहरा चरित्र है। आप झूठ बोलने वाली सबसे बड़ी फैक्ट्री हो। आपको झारखंड के अंदर चली लाठी की गूंज आपको नहीं सुनाई देगी। आपको पूर्व में जो मार्च हुआ जहां खून बहा वह भी आपको नहीं दिखा और दिखेगा भी नहीं क्योंकि राहुल गांधी जी आप राजनीतिक चश्मे से देखते हो।'
उन्होंने आरोप लगाया कि कल हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान बेटियों के कपड़े फाड़ दिए गए और उनके ऊपर अत्याचार हुआ। सांसद ने आगे कहा ‘जेएमएम के कार्यकर्ताओं द्वारा हमारी बेटियों के कपड़े खींचे जा रहे हैं और लाठियां मारी जा रही हैं और सब मूकदर्शक बनकर बैठे हैं। देखिए लोकतंत्र लोक और लाज से चलता है लेकिन झारखंड में इंडिया ब्लॉक गठबंधन ने लोक और लाज तिलांजलि दे दी है। और क्यों न दें अरे 1000 करोड़ रुपये का ये सारा घोटाला है। झारखंड के बच्चों का भविष्य बेच दिया पैसा कमा लिए। हिम्मत है तो सीबीआई जांच करवाइए। मैं चुनौती देता हूं राहुल गांधी जी आपको इन बच्चों के प्रति जरा भी संवेदना है तो जो कल लाठीचार्ज हुआ है तो अस्पताल में घायल बच्चों को देखने चलिए।’
हाई कोर्ट के फैसले के बाद छात्रों में आक्रोश
आपको बता दें कि हाई कोर्ट ने 11वीं से 13वीं जेएसएससी और जेएसएससी-सीजीएल के जरिए की गई नियुक्तियों को रद्द करने का अंतरिम फैसला सुनाया है। इसके बाद से ही आंदोलनकारी छात्र में नाराजगी है।


