झारखंड राज्यसभा चुनाव: INDIA ब्लॉक के लिए गुड न्यूज, CPI (ML) के दो विधायक का मिला समर्थन
झारखंड में 18 जून को दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। बीजेपी को एक सीट जीतने के लिए 4 वोटों की जरूरत है। इस बीच सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने बड़ा एलान कर दिया है।

झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले INDIA ब्लॉक के लिए अच्छी खबर है। सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने रविवार को जानकारी दी कि उनकी पार्टी के दो विधायक 18 जून को होने वाले झारखंड राज्यसभा चुनाव में INDIA गठबंधन के लिए मतदान करेंगे। दीपांकर भट्टाचार्य ने इसके साथ यह भी कहा कि आगामी राज्यसभा चुनाव में बीजेपी की निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देने की 'चाल' नाकाम होगी।
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा ‘झारखंड राज्यसभा चुनाव में सीपीआई (एमएल) के वोट INDIA ब्लॉक के पक्ष में दिए जाएंगे। हमारे दोनों विधायक इसी के तहत मतदान करेंगे। दो पोलिंग एजेंट भी नियुक्त कर दिए गए हैं। हमें उम्मीद है कि परिमल नथवानी को बतौर निर्दलीय उम्मीदवार समर्थन देने की बीजीपी की चाल नाकाम हो जाएगी और विधायक उनके खिलाफ मतदान करेंगे।’
18 जून को ही नतीजे भी
राज्य की दो राज्यसभा सीटों के नतीजे भी 18 जून को ही आएंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है तो कांग्रेस ने प्रणव झा पर दांव लगाया है। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी चुनावी मैदान में हैं जिन्हें बीजेपी ने अपना समर्थन दिया है।
आपको बता दें कि राज्य में बीजेपी के पास इतने नंबर नहीं हैं कि वे परिमल को विजयी बना सकें और ऐसा तभी संभव हो सकता है जब क्रॉस वोटिंग हो। एक सीट पर जीत दर्ज करने के लिए किसी भी उम्मीदवार को कुल 28 प्रथम वरीयता के वोटों की जरूरत है।
क्या है झारखंड में राज्यसभा चुनाव का मौजूदा गणित
झारखंड विधानसभा में INDIA ब्लॉक के कुल 56 विधायक हैं, इनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के 4 और सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के 2 विधायक हैं। वहीं एनडीए गठबंधन के पास कुल 24 विधायक हैं जिनमें 21 बीजेपी के तो 1-1 एलजेपी (राम विलास), आजसू पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) के हैं।
बीजेपी को सिर्फ 4 वोट की दरकार
बीजेपी को एक सीट जीतने के लिए 4 वोट की जरूरत है। क्रॉस वोटिंग हुई तो हो सकता है कि राज्य में बीजेपी का सांसद बन जाए। आपको बता दें कि राज्यसभा की ये दो सीटें झामुमो के को-फाउंडर शिबू सोरेन के देहांत के बाद खाली हुई है तो दूसरी सीट बीजेपी सांसद दीपक प्रकाश के कार्यकाल के खत्म होने के चलते। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार की जीत इसपर तय होगी कि झामुमो समेत सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी दल के विधायक उसके पक्ष में वोट करें।


