झारखंड में होगी झमाझम बारिश, ‘येलो’ अलर्ट जारी; 1 सितंबर तक के मौसम का हाल
आईएमडी ने कहा है कि झारखंड में 29 अगस्त से कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Jharkhand Kal Ka Mausam: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड में अगले चार दिन कई इलाकों में बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग ने 29 अगस्त से 1 सितंबर तक कई जिलों के लिए भारी बारिश, बिजली गिरने और आंधी-तूफान का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के मुताबिक, इस दौरान झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
शनिवार को किन-किन जगह बरसेंगे बदरा?
आईएमडी के बुलेटिन, शनिवार को उत्तर-पूर्वी जिलों दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह, दक्षिण-पूर्वी जिलों में पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां और इनसे सटे जिले धनबाद में भारी बारिश की संभावना है।
रविवार, सोमवार और मंगलवार कहां-कहां संभावना?
वहीं रविवार को इन आठ जिलों समेत पूर्वी क्षेत्र के 17 जिलों में भारी की संभावना है। वहीं सोमवार को झारखंड के मध्य हिस्से धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा समेत 12 जिलों में भारी बारिश की आशंका है। मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी जिलों में गढ़वा, पलामू और चतरा के साथ-साथ उनसे सटे मध्य जिलों लोहरदगा, रांची, गुमला और खूंटी में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
3-4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
बुलेटिन में कहा गया है कि ‘राज्य में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है।’
आईएमडी रांची ने क्या बताया?
आईएमडी रांची के डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक आनंद ने बताया कि 'हमने अगले चार दिनों के लिए राज्य के सभी 24 जिलों के लिए अलग-अलग जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने का 'येलो' अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 3-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। कई जिलों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।'
बीते 24 घंटे के दौरान कहां कितनी बारिश और तापमान
बीते 24 घंटे की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम जिले के झुमरिया में सबसे ज्यादा 74.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं राज्य का सबसे गर्म इलाका पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा रहा जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद चाईबासा में 35.4 डिग्री सेल्सियस और फिर पाकुड़ और सरायकेला में तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


