सावधान! रांची में 7 दिन में फायर NOC नहीं ली, तो बिल्डिंग होगी सील; टैक्सदाताओं को खास ऑफर भी
रांची नगर निगम ने फायर NOC जरूरी भवनों को 7 दिन में प्रमाणपत्र लेने या नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया है। नियम नहीं मानने पर भवन सील होंगे। वहीं, 30 जून तक होल्डिंग टैक्स जमा करने पर छूट का ऐलान किया है।

रांची नगर निगम क्षेत्र में संचालित वैसी बहुमंजिली इमारत, जिनमें फायर एनओसी आवश्यक है, उन भवन मालिकों को सात दिन के भीतर एनओसी लेने को कहा गया है। नगर निगम ने गुरुवार को आम सूचना जारी कर कहा है कि बहुमंजिली इमारतों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, होटलों, रेस्टोरेंट और अन्य बड़े व्यावसायिक भवनों को अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र या उसकी वैधता सुनिश्चित करनी होगी।
इन भवन संचालकों को सात दिनों के भीतर फायर एनओसी प्राप्त करने या उसका नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया है। निगम ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि नियमों का अनुपालन नहीं पाये जाने पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 व झारखंड भवन उपविधि-2016 के प्रावधानों के तहत ऐसे भवनों को सील किया जाएगा। साथ ही नगरपालिका अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में विधि सम्मत कार्रवाई शुरू की जाएगी।
रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए होल्डिंग टैक्स का समय पर भुगतान करने वाले करदाताओं को अधिकतम 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट देने की घोषणा की है। इस छूट का लाभ उठाने के लिए अब केवल पांच दिन बचे हैं। निगम ने लोगों से यह अपील की है कि वे 30 जून तक होल्डिंग टैक्स जमाकर अधिक से अधिक इस योजना का लाभ उठाएं। निगम के मुताबिक, अधिक से अधिक लोगों तक इस योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए राजस्व शाखा की टीम शहर के विभिन्न इलाकों में होल्डिंग धारकों के घरों और भवनों पर सूचना पत्र चस्पा कर रही है।
इसमें छूट योजना और टैक्स भुगतान की अंतिम तिथि की जानकारी दी जा रही है। वहीं, नागरिकों की सुविधा को देखते हुए निगम ने अवकाश के दिनों में भी जन सुविधा केंद्र खुले रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत 26 (मोहर्रम), 28 (रविवार) और 30 जून (हूल दिवस) को भी निगम कार्यालय स्थित जन सुविधा केंद्र में टैक्स जमा किया जा सकेगा। होल्डिंग टैक्स का भुगतान स्मार्ट रांची ऐप, व्हाट्सऐप चैटबॉट (8986627070), रांची नगर निगम की वेबसाइट, जन सुविधा केंद्र और अधिकृत कर संग्राहकों के माध्यम से किया जा सकता है। नगर निगम ने नागरिकों से समय पर टैक्स जमा कर उपलब्ध छूट का लाभ उठाने और शहर के विकास में सहयोग करने की अपील की है।


