अब न हो कोई चूक;रांची-हटिया में भी दिल्ली रेलवे स्टेशन जैसी अफरा-तफरी, क्या है तैयारी?
- महाकुम्भ जाने वाले यात्रियों के बीच और स्टेशन पर अफरातफरी के माहौल पर लगाम लगाने की तैयारी शुरू की गई, लेकिन सोमवार को स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं दिखी। रेलवे को आंशका है कि यदि समय रहते भीड़ सहित स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो नई दिल्ली जैसी घटना रांची रेलमंडल में भी घट सकती है।

महाकुम्भ जाने वाले यात्रियों के बीच और स्टेशन पर अफरातफरी के माहौल पर लगाम लगाने की तैयारी शुरू की गई, लेकिन सोमवार को स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं दिखी। रेलवे को आंशका है कि यदि समय रहते भीड़ सहित स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो नई दिल्ली जैसी घटना रांची रेलमंडल में भी घट सकती है। रांची और हटिया स्टेशन के बाहर, टिकट काउंटर और ट्रेन आने पर प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ रही। हटिया स्टेशन से सोमवार को रवाना होने वाली ट्रेनों के प्रस्थान करने से पहले कड़ाई बरती गई। झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के प्रस्थान से पहले रांची रेलमंडल के सीनियर डीसीएम और मंडल सुरक्षा आयुक्त ने मोर्चा संभाला। हटिया स्टेशन को मुख्य स्टेशन के रूप में चिन्हित कर कई जोन में विभाजित कर दिया गया।
क्या है भीड़ रोकने की तैयारी?
हटिया स्टेशन पर 40 आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है। 12 से अधिक टीटीई और रेलवे कर्मचारियों को महाकुम्भ रूट में जाने वाली ट्रेनों के समय तैनात किया गया है। हटिया स्टेशन पर स्लीपर के लिए अलग से बैरिकेडिंग, एसी के लिए अलग और सामान्य बोगी के लिए अलग बैरिकेडिंग कर कतारबद्ध होकर यात्रियों को प्रवेश कराया गया। वहीं, बिना टिकट वालों की इंट्री बंद कर दी गई। लेकिन, ट्रेन के आते ही अफरा-तफरी मच गई। कड़ाई के बावजूद भी कुछेक बोगियों में अनारक्षित टिकट वाले घुस गए। रेलवे प्रशासन और रांची जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के साथ बैठक भी हुई। इसमें एडीएम लॉ एंड आर्डर, सिटी एसपी सहित अन्य शामिल थे। निर्णय हुआ कि मंगलवार से जिला पुलिस- प्रशासन मोर्चा संभालेगा। स्टेशन के बाहर बैरिकेडिंग होगी। इसमें कतारबद्ध होकर लोगों को प्रवेश कराया जाएगा।
चैंबर और जेडआरयूसीसी सदस्य को भगदड़ की आंशका
झारखंड चैंबर ने डीआरएम को पत्राचार कर महाकुम्भ के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ठोस पहल का आग्रह किया है। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि रिजर्वेशन वाले यात्री को असुविधा न हो। अनियंत्रित भीड़ के कारण कोई अप्रिय घटना न हो। वहीं, दक्षिण-पूर्व रेलवे जेडआरयूसीसी सदस्य सतीश सिन्हा ने महाकुम्भ को लेकर ट्रेनों में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए भगदड़ और अफरातफरी की संभावना व्यक्त की है।उन्होंने रांची स्टेशन के निरीक्षण के क्रम में पाया कि स्वर्णजयंती एक्सप्रेस के समय हजारों यात्री अचानक ट्रेनों में चढ़ गए।
सुरक्षा आयुक्त, रांची रेलमंडल पवन कुमार ने कहा कि आरपीएफ की संख्या रांची और हटिया में बढ़ा दी गई है। हटिया में जिला प्रशासन के सहयोग से स्टेशन के बाहर से ही भीड़ नियंत्रित की जाएगी। अंदर रेलवे की टीम मोर्चा संभालेंगी। सीनियर डीसीएम, रांची रेलमंडल निशांत कुमार ने कहा कि निरंतर सीसीटीवी से भीड़ की निगरानी की जा रही है। बिना टिकट वालों का प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है। सामान्य बोगी का टिकट क्षमता पूरा होने पर काटना बंद कर दिया गया।