
गोला में हाथियों का उत्पात जारी, घर तोड़ा, फसलें रौंदी
गोला वन क्षेत्र के रकुवा गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने रात में तबाही मचाई। हाथियों ने कई किसानों के खेतों और खलिहानों में धान को बर्बाद किया। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है, जबकि पिछले एक दशक से हाथियों का उत्पात जारी है।
गोला, प्रतिनिधि। गोला वन क्षेत्र के रकुवा गांव में गुरुवार की देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने चंद्रदेव महतो के मकान को ध्वस्त कर उसमें रखे अनाज को चट कर गए। इसके अलावे कई किसानों के खेत व खलिहान में रखे धान को खाकर व रौंदकर बर्बाद कर दिया। इससे किसानों को भारी क्षति हुआ है। पीड़ित किसानों ने बताया कि धान काट कर उसे मिसाने के लिए खलिहान में रखा गया था। रात में करीब ढाई दर्जन की संख्या में जंगली हाथियों का झुंड खेत पहुंचा और खलिहान में रखे धान के बोझा को भी बर्बाद कर दिया।
वहीं खेतों की तैयार धान फसल को रौंद दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों ने मंटु महतो, सागर महतो, मनीष कुमार, चंद्रदेव महतो सहित अन्य कई के धान, आलू व अन्य हरि सब्जियों के फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। पूर्व मुखिया सुरेश कुमार रजक ने कहा कि पिछले एक दशक से हाथियों का उत्पात इस क्षेत्र में जारी है। हाथियों का झुंड लगातार फसल, घर व लोगों की जान ले रहा है। जिससे से इस क्षेत्र के लोगों में रातभर दहशत का माहौल बना रहता है। पीड़ित किसानों ने वन विभाग से उचित मुआवजा व हाथियों को क्षेत्र से निकालने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




