संशोधित खबर:-- बिजली के कारण ठप है सीसीएल की जलापूर्ति व्यवस्था
भुरकुंडा में पतरातू स्थित फिल्टरेशन प्लांट को बिजली नहीं मिलने के कारण जलापूर्ति ठप हो गई है। यह समस्या 12 फरवरी से शुरू हुई है, जिससे सयाल, सौंदा और गिद्दी कॉलोनियों में पानी की भारी कमी हो गई है। सीसीएल ने समस्या के समाधान में सकारात्मकता नहीं दिखाई है।

भुरकुंडा, निज प्रतिनिधि। पतरातू स्थित फिल्टरेशन प्लांट को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण सीसीएल बरका-सयाल के विभिन्न कोलियरी में जलापूर्ति व्यवस्था ठप है। यह समस्या 12 फरवरी से उत्पन्न हुई है। इसके कारण भुरकुंडा रिवर साईड, सयाल, सौंदा और गिद्दी के आवासी कॉलोनियों में पानी की जबरदस्त समस्या उत्पन्न हो गई है। गर्मी के आगाज के साथ उत्पन्न हुई इस समस्या के समाधान को लेकर सीसीएल का रूख भी सकारात्मक प्रतीत नहीं हो रहा। पतरातू फिल्टर प्लांट के फोरमेन इंचार्ज राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि बिजली की समस्या के कारण मोटर का रोटेशन उलटा हो जाता है। कई बार कोशिश के बाद भी समस्या यथावत है।
उन्होंने कहा कि इस बावत जेई को जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त बिजली मिलते ही समस्या का समाधान हो जाएगा। इस समस्या के कारण भुरकुंडा और सयाल-गिद्दी लाइन की जलापूर्ति व्यवस्था ठप है। इधर बिजली की समस्या के कारण मोटर का नहीं चलना और लिकेज के कारण हजारों गैलन पानी के बर्बाद होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिल्टरेशन प्लांट के समीप नदी का जलस्तर बढ़ने से पाइपलाइन का पीलर धंस गया है। वहीं सयाल रेलवे क्रासिंग के समीप शॉकेट की समस्या के कारण पानी लिक हो रहा है, जिसे ठीक करने की दिशा में पहल की जा रही है। जलापूर्ति ठप रहने से सयाल, सौंदा, गिद्दी और रिवर साईड बुधबाजार दोतल्ला, चीफ हाउस और इमलीगाछ पंचायत स्थित सीसीएल कॉलोनियों में पानी के लिए हाहाकार मचा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


