टाटा डीएवी चैनपुर में विजय दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
वेस्ट बोकारो के टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल में विजय दिवस के अवसर पर एक राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्रा मन्नत अजीज ने विजय दिवस का महत्व बताया और शुभम कुमार ने सैनिकों के साहस को नमन किया। दिव्यांशु कुमार ने सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी करवाई और एंजेला प्रवीण ने एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की।

वेस्ट बोकारो, निज प्रतिनिधि। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, चैनपुर में मंगलवार को विजय दिवस के अवसर पर एक राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, शौर्य और बलिदान की भावना को सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर कक्षा आठवीं की छात्रा मन्नत अजीज ने विजय दिवस के महत्व पर एक सुंदर एवं प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा आठवीं के छात्र शुभम कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय सैनिकों के साहस और पराक्रम को नमन किया। कार्यक्रम को और रोचक बनाते हुए दिव्यांशु कुमार ने सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की।
इसके पश्चात एंजेला प्रवीण ने एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। पूरा कार्यक्रम जेआरडी टाटा हाउस के प्रभारी अभिषेक पाठक के कुशल मार्गदर्शन एवं संयोजन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संदेश में कहा कि विजय दिवस हमें अपने वीर सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन और देश के प्रति निष्ठा की याद दिलाता है। विद्यार्थियों को इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए और एक जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकगण का सराहनीय सहयोग रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



