अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि की कामना के साथ आज मनेगी वट सावित्री पूजा

हिन्दुस्तान, रामगढ़
Follow us on Google News
share

रामगढ़ में शनिवार को वट सावित्री पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। सुहागिन महिलाएं वट वृक्ष के नीचे पूजा कर पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी में रौनक रही। महिलाएं सोलह श्रृंगार कर वट वृक्ष की परिक्रमा करेंगी और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।

अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि की कामना के साथ आज मनेगी वट सावित्री पूजा

रामगढ़, निज प्रतिनिधि। जिलेभर में शनिवार को वट सावित्री पूजा श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाई जाएगी। शहर के प्रमुख मंदिर किला मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, श्रीसत्यनारायण मारवाड़ी मंदिर, सिद्धेश्वर धाम मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, जलाराम मंदिर में स्थित वट वृक्ष सहित विभिन्न गांवों और मोहल्लों में स्थित वट वृक्षों के नीचे सुहागिन महिलाएं पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना करेंगी। पूजा को लेकर शुक्रवार से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। बारिश के बावजूद महिलाओं ने पूजन सामग्री, फल, फूल, सिंदूर, चूड़ियां और श्रृंगार सामग्री की जमकर खरीदारी की। सुबह से ही महिलाएं सोलह श्रृंगार कर वट वृक्ष के नीचे एकत्रित होंगी।

मंदिरों के पुजारियों की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना कराने के बाद सत्यवान-सावित्री और यमराज की पौराणिक कथा सुनाई जाएगी। मान्यता है कि माता सावित्री ने अपने तप, निष्ठा और प्रेम के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे।तभी से यह व्रत अखंड सुहाग और दांपत्य सुख का प्रतीक माना जाता है। पूजा के दौरान महिलाएं वट वृक्ष की परिक्रमा करते हुए उसके तने में कच्चा सूत बांधेंगी और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। पूजन के बाद महिलाएं एक-दूसरे की मांग में सिंदूर लगाकर अमर सुहाग का आशीर्वाद देंगी। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और सामूहिक कथा आयोजन भी किए जाएंगे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहेगा। इधर, बाजारों में पूजा को लेकर विशेष चहल-पहल रही। फल विक्रेताओं, फूल दुकानदारों और श्रृंगार सामग्री बेचने वालों के चेहरे पर भी उत्साह साफ नजर आया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाते हुए पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।