महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से सत्य, मर्यादा और धर्म का संदेश दिया : तारकेश्वर कुमार
टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल चैनपुर में शरद पूर्णिमा एवं महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्राचार्य तारकेश्वर कुमार ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक...

वेस्ट बोकारो, निज प्रतिनिधि। महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति के ऐसे आदर्श पुरुष हैं जिन्होंने रामायण जैसे महाकाव्य के माध्यम से समाज को सत्य, मर्यादा और धर्म का संदेश दिया। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में सादगी, सेवा और नैतिकता को अपनाना चाहिए। उक्त बातें टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल चैनपुर के प्राचार्य प्राचार्य तारकेश्वर कुमार ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, चैनपुर में मंगलवार को शरद पूर्णिमा एवं महर्षि वाल्मीकि जयंती हर्षोल्लास और भक्ति भाव से मनाया गया। विद्यालय परिसर में सुबह से ही एक विशेष माहौल देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राएं भारतीय संस्कृति और परंपरा के रंग में रंगे नज़र आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ। तत्पश्चात हिंदी शिक्षक एवं महात्मा हंसराज हाउस के प्रभारी भूपेंद्र सहाय के निर्देशन में विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कक्षा छठी की छात्रा श्रेया राज एवं कक्षा सातवीं की छात्रा तनु जायसवाल ने शरद पूर्णिमा तथा महर्षि वाल्मीकि जयंती के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर अपने विचार प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें कक्षा छठी के छात्र नवाज आलम और गौरव कुमार ने विभिन्न रोचक प्रश्न पूछकर छात्रों की जिज्ञासा और ज्ञानवर्धन किया। इस कार्यक्रम में बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण रीता चंदा, दीपक कुमार पाठक, रवि चक्रवर्ती, सरविंद कुमार, अभिषेक पाठक, सूरज कुमार, तूफान हजरा तथा खुशबू रानी भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सफलता में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन ने विद्यालय में सांस्कृतिक एकता, अध्यात्म और प्रेरणा का संदेश फैलाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




