15 दिन में मरम्मत नहीं हुई तो दामोदर पुल होगा जाम: जयंत सिन्हा

15 दिन में मरम्मत नहीं हुई तो दामोदर पुल होगा जाम: जयंत सिन्हा

संक्षेप:

भुरकुंडा-गिद्दी की सीमा पर स्थित दामोदर नदी पर बने पुल की जर्जर अवस्था को लेकर पूर्व सांसद जयंत सिन्हा ने निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन और कोल इंडिया को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है कि पुल की...

Sep 14, 2025 06:08 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रामगढ़
share

भुरकुंडा, निज प्रतिनिधि। भुरकुंडा-गिद्दी की सीमा पर रामगढ़ और हजारीबाग जिला को जोड़ने वाले दामोदर नद पर बने पुल की जर्जर अवस्था अब बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। रविवार को हजारीबाग लोकसभा के पूर्व सांसद जयंत सिन्हा ने इस पुल का स्थलीय निरीक्षण किया और इसे लेकर जिला प्रशासन व कोल इंडिया को 15 दिनों का अल्टीमेटम दे दिया। उन्होंने कहा कि पुल की दशा ऐसी हो गई है कि इसकी संरचना और सुरक्षा कभी भी फेल हो सकती है। इसलिए इसकी मरम्मत निहायत ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों में मरम्मत शुरू नहीं हुआ तो वे पुल बचाओ अभियान के तहत आंदोलन करते हुए पुल पर ट्रैफिक पूरी तरह से रोक देंगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

जयंत सिन्हा ने कहा कि यह पुल दशकों पुराना है और अब इसकी स्थिति गंभीर हो चुकी है। यदि समय रहते इसे दुरुस्त नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मैंने कई बार इस मुद्दे को उठाया है, लेकिन अब और चुप नहीं बैठा जाएगा। पूर्व सांसद की इस घोषणा का इलाके के लोगों ने स्वागत किया है। भुरकुंडा और गिद्दी के स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे लंबे समय से इस पुल की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि या प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाया। जयंत सिन्हा की पहल को लोग एक उम्मीद की किरण मान रहे हैं। जनता का साफ कहना है कि यदि प्रशासन हरकत में नहीं आया तो वे भी इस अभियान में शामिल होकर सड़क पर उतरने को तैयार हैं।