जीएसटी में कटौती का असर: जनवरी 2026 में झारखंड में वाहन बिक्री 22.80% बढ़ी, देशभर में भी तेज़ी
जनवरी 2026 में झारखंड में ऑटोमोबाइल क्षेत्र में बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 57,780 वाहनों की बिक्री हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 22.80% अधिक है। जीएसटी में कटौती और आकर्षक स्कीमों के चलते मांग बढ़ी है। डीलरों का कहना है कि ग्राहकों की क्रय क्षमता में सुधार हुआ है।

रामगढ़, निज प्रतिनिधि प्रदेश में जनवरी 2026 के दौरान ऑटोमोबाइल क्षेत्र में उत्साहजनक माहौल देखने को मिला। वाहनों की खुदरा बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे बाजार में सकारात्मक रुझान का संकेत मिलता है। विशेषज्ञों का मानना है कि केंद्र सरकार द्वारा पिछले वर्ष सितंबर 2025 में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में की गई कटौती का सीधा लाभ वाहन उद्योग को मिला है, जिसके चलते मांग में तेजी आई और बिक्री के आंकड़े नई ऊंचाइयों पर पहुंचे। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) झारखंड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 में राज्य में कुल 57,780 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई।
यह आंकड़ा जनवरी 2025 में दर्ज 47,054 इकाइयों की तुलना में 22.80 प्रतिशत अधिक है। इस वृद्धि को राज्य के ऑटोमोबाइल बाजार के लिए बेहद सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। डीलरों का कहना है कि टैक्स में राहत मिलने के बाद ग्राहकों की क्रय क्षमता में सुधार हुआ है, जिससे दोपहिया, तिपहिया, यात्री वाहन और वाणिज्यिक वाहनों की मांग में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साथ ही नए साल के अवसर पर कंपनियों की ओर से दी गई आकर्षक स्कीमों और फाइनेंस सुविधाओं ने भी बिक्री को गति दी है। यह जानकारी झारखंड चैप्टर के चेयरपर्सन गोविंद पी मेवाड़ ने बयान जारी कर दी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



