तपती धूप, शादी का मौसम और बिजली कटौती के बीच जूझता जनजीवन
रामगढ़, एक प्रतिनिधि। झारखंड, रामगढ़, शहर झारखंड, रामगढ़, शहर झारखंड, रामगढ़, शहर झारखंड, रामगढ़, शहर

रामगढ़, एक प्रतिनिधि। क्षेत्र में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज धूप, झुलसाती लू और लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। सुबह होते ही सूरज की तपिश महसूस होने लगती है और दोपहर तक हालात ऐसे हो जाते है कि सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी के इस प्रकोप के बीच शादी-विवाह का मौसम भी लोगों की परेशानियों को और बढ़ा रहा है। एक ओर तेज धूप और उमस से लोग बेहाल हैं।
वहीं दूसरी ओर सामाजिक जिम्मेदारियों के चलते उन्हें शादी समारोहों में शामिल होना पड़ रहा है। भारी गर्मी में बारात, स्वागत और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। शादी घरों में भी गर्मी के कारण व्यवस्थाएं संभालना कठिन हो गया है। बिजली कटौती के कारण पंखे और कूलर भी बेअसर हो जाते हैं। जिससे मेहमानों और आयोजकों दोनों को असुविधा झेलनी पड़ रही है। इस भीषण गर्मी का सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ रहा है जिनकी रोजी-रोटी खुले आसमान के नीचे निर्भर है। सब्जी बेचने वाले, ठेला लगाने वाले और छोटे व्यवसाय करने वाले लोग तपती धूप में भी दिनभर काम करने को मजबूर हैं। खासकर सब्जी विक्रेताओं की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। कई विक्रेता बिना किसी छाया या छाते के सड़क किनारे बैठकर सब्जी बेचते नजर आते हैं। सिर पर तेज धूप और चारों ओर से उठती गर्म हवाओं के बीच वे अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए संघर्ष कर रहे हैं। महिला सब्जी विक्रेताओं की स्थिति और भी कठिन है। वे सुबह से लेकर शाम तक इसी चिलचिलाती धूप में बैठकर ग्राहकों का इंतजार करती हैं। गर्मी के कारण सब्जियां भी जल्दी मुरझा जाती हैं। जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। बावजूद इसके, घर की जिम्मेदारियों और बच्चों के पालन-पोषण के लिए वे हर दिन इसी कठिन परिस्थिति का सामना करने को मजबूर हैं। बिजली की अनियमित आपूर्ति ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। बार-बार बिजली कटने से घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। पंखे और कूलर बंद होने से गर्मी और अधिक असहनीय हो जाती है। रात के समय भी बिजली कटौती होने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। जिससे दिनचर्या प्रभावित हो रही है। स्वास्थ्य पर भी इस गर्मी का गहरा असर पड़ रहा है। लू और डिहाइड्रेशन के मामले बढ़ने लगे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। दोपहर के समय बाहर निकलने से बचना चाहिए, अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए और सिर को ढककर ही बाहर निकलना चाहिए। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी की जरूरत है। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। लेकिन जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार होगा और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। तपती धूप, शादी का मौसम और बिजली कटौती ने मिलकर जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर मजदूर और छोटे व्यवसायी वर्ग के लिए यह समय बेहद कठिन साबित हो रहा है। जो हर दिन इस तपिश के बीच अपने जीवन को चलाने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


