रामगढ़ में प्रचंड गर्मी का कहर, लगातार बढ़ते तापमान ने बढ़ाई मुश्किलें

Newswrap हिन्दुस्तान, रामगढ़
share

रामगढ़ में चिलचिलाती गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया है। पिछले पांच दिनों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। अस्पतालों में गर्मी से संबंधित समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। विशेषज्ञों ने गर्मी से बचने के उपायों की सलाह दी है और प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

रामगढ़ में प्रचंड गर्मी का कहर, लगातार बढ़ते तापमान ने बढ़ाई मुश्किलें

रामगढ़, निज प्रतिनिधि रामगढ़ जिले में इन दिनों चिलचिलाती गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पिछले पांच दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सुबह 11 बजे के बाद से लेकर शाम चार बजे तक तेज लू चल रही है, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले पांच दिनों का तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया। गुरुवार को 39 सेल्सियश, शुक्रवार को 40 सेल्सियस, शनिवार को 41 सेल्सियस, रविवार को 42°सेल्सियस और सोमवार को 43°सेल्सियस तापमान दर्ज की गई।

इस लगातार बढ़ते तापमान ने न सिर्फ आम जनजीवन को प्रभावित किया है, बल्कि बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए विशेष चिंता का विषय बन गया है। बाजारों में भी भीड़ कम हो गई है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। अत्यधिक गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, चक्कर आना और थकान जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। अस्पतालों में भी ऐसे मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। विशेषज्ञ डॉ स्वराज का कहना है कि गर्मी से बचने के लिए कुछ सावधानियां बेहद जरूरी हैं। दोपहर 11 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करें। हल्के और सूती कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय सिर को ढकें और छाता या टोपी का उपयोग करें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं। साथ ही, यदि किसी को हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। इस भीषण गर्मी के बीच लोगों को सतर्क रहने और अपनी दिनचर्या में बदलाव लाने की आवश्यकता है, ताकि स्वास्थ्य पर इसके दुष्प्रभाव को कम किया जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।