Hindi NewsJharkhand NewsRamgarh NewsSaraswati Puja Preparations in Ramgarh Artistic Idols and Community Celebrations
जिले भर में सरस्वती पूजा की धूम, 23 को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ होगी आराधना

जिले भर में सरस्वती पूजा की धूम, 23 को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ होगी आराधना

संक्षेप:

रामगढ़ में 23 जनवरी को होने वाली सरस्वती पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में मूर्तियों का निर्माण अंतिम चरण में है। स्कूल, कॉलेज और सामाजिक संगठनों द्वारा पूजा पंडाल लगाए जा रहे हैं। इस बार पूजा सामग्री की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है।

Jan 22, 2026 12:00 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रामगढ़
share Share
Follow Us on

रामगढ़, निज प्रतिनिधि। शहर सहित जिले भर में विद्या, बुद्धि और ज्ञान की देवी माता सरस्वती की पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 23 जनवरी को होने वाली सरस्वती पूजा के लिए शहर के कई इलाकों में प्रतिमा निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर माता सरस्वती की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। कहीं मिट्टी की सोंधी खुशबू के बीच कलात्मक प्रतिमाएं आकार ले रही हैं, तो कहीं रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम तेजी से किया जा रहा है। इस वर्ष सरस्वती पूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

शहर के सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटरों में माता सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। शिक्षण संस्थानों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों और मोहल्ला समितियों की ओर से भी पूजा पंडाल लगाए जा रहे हैं। पूजा स्थलों पर आकर्षक सजावट की जा रही है, वहीं रंग-बिरंगी लाइटों और विद्युत सज्जा से शहर की रौनक बढ़ती जा रही है। मूर्तिकारों के अनुसार इस बार सरस्वती प्रतिमाओं की कीमत 1000 रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक है। छोटे स्कूलों और कोचिंग सेंटरों में साधारण प्रतिमाओं की मांग अधिक है, जबकि बड़े शिक्षण संस्थान और समितियां भव्य और कलात्मक प्रतिमाएं मंगवा रही हैं। बाजारों में पूजा सामग्री, फूल, अगरबत्ती, दीप और प्रसाद की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। प्रशासन और स्थानीय समितियां पूजा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी में जुटी हैं। जिले भर में जगह-जगह सरस्वती पूजा धूमधाम से मनाई जाएगी। भक्तों का मानना है कि माता सरस्वती की कृपा से विद्यार्थियों में ज्ञान, विवेक और सफलता का संचार होता है, इसी आस्था के साथ लोग पूजा की तैयारियों में पूरे उत्साह से जुटे हुए हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;