मॉनसून से पहले इफिको-बिंझार रोड का निर्माण पूरा होगा : पीके रथ
रामगढ़ में इफिको-बिंझार सड़क निर्माण को लेकर राहत की खबर आई है। अधिशासी निदेशक पीके रथ ने कहा है कि मॉनसून से पहले सड़क का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। क्षेत्र के लोगों ने सड़क निर्माण और स्ट्रीट लाइट की मांग की थी, जिसके जवाब में अधिशासी निदेशक ने आश्वासन दिया कि जनसहयोग से काम तेजी से होगा।

रामगढ़, निज प्रतिनिधि। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित इफिको-बिंझार सड़क निर्माण को लेकर अब राहत की खबर सामने आई है। सेल रिफ्रैक्ट्रीज बोकारो के अधिशासी निदेशक पीके रथ ने स्पष्ट कहा है कि मॉनसून शुरू होने से पहले सड़क निर्माण पूरा कर लिया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। बुधवार को झारखंड सेवा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने समिति के अध्यक्ष अमित कुमार सिन्हा और अरुण कुमार महतो के नेतृत्व में अधिशासी निदेशक से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इफिको-बिंझार रोड के जल्द निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई।
अमित कुमार सिन्हा ने बताया कि सड़क निर्माण नहीं होने के कारण इलाके में लगातार धूल उड़ती रहती है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महतो टोला में स्ट्रीट लाइट की भी मांग रखी। इस पर पीके रथ ने भरोसा दिलाया कि सीएसआर के तहत महतो टोला में भी जल्द लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसहयोग मिलने पर सड़क निर्माण और लाइटिंग जैसे कार्य तेजी से पूरे किए जा सकते हैं। इस पर समिति के अध्यक्ष ने भी आश्वासन दिया कि जनहित के कार्यों में समिति हर संभव सहयोग करेगी। गौरतलब है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर हाल ही में क्षेत्र की महिलाओं ने आंदोलन भी किया था। उनका कहना था कि खराब सड़क और धूल की समस्या से निजात दिलाने के लिए जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाए। अब अधिशासी निदेशक के आश्वासन के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


