निर्माणाधीन पीसीसी सड़क में दरार, घटिया निर्माण से ग्रामीणों में आक्रोश
रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में पीसीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। वार्ड 19 में क्लासिक यूंजीकॉन कंपनी द्वारा बनाए जा रहे सड़क में दरारें आ गई हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण मानकों की अनदेखी की जा रही है और सड़क जल्द ही जर्जर हो जाएगी। वे जांच की मांग कर रहे हैं।

बरकाकाना, निज प्रतिनिधि। रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता एक गंभीर मामला बन गया है। वार्ड संख्या 19 में लगभग 500 मीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण क्लासिक यूंजीकॉन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन सड़क निर्माण के दौरान ही कई जगहों पर दरारें पड़ने लगी हैं। सड़क की सतह पर उभरी दरारों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है और निर्माण जैसे तैसे पूरा किया जा रहा है।
कई स्थानों पर पीसीसी ढलाई सही तरीके से नहीं की गई है, जबकि सड़क की मोटाई भी तय मानक से कम रखी गई है। इसके अलावा निर्माण के बाद आवश्यक क्योरिंग नहीं होने से कंक्रीट की मजबूती प्रभावित हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बनने के तुरंत बाद ही टूटने लगी है, जिससे साफ जाहिर होता है कि निर्माण में लापरवाही बरती गई है। उनका कहना है कि यदि शुरुआत में ही सड़क की यह स्थिति है, तो कुछ ही महीनों में पूरी सड़क जर्जर हो जाएगी। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सड़क पर सिर्फ पुआल डालकर खानापूर्ति की जा रही है और पानी क्योरिंग के नाम मात्र का किया गया। ग्रामीणों के अनुसार सड़क में दरार पड़ने के बाद अब मरम्मत के नाम पर केवल ऊपर से सीमेंट घोल डालकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जो स्थायी समाधान नहीं है। लोगों का कहना है कि इससे सड़क की गुणवत्ता में कोई विशेष सुधार नहीं होगा। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और नगर परिषद प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य की समुचित निगरानी नहीं होने से संवेदक मनमानी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कि मांग कि है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


