ईरान पर हमले के विरोध में सीपीआई(एम) का प्रतिरोध मार्च, अमेरिका-इज़राइल की कार्रवाई की निंदा

Mar 10, 2026 09:05 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रामगढ़
share

रामगढ़ में सीपीआई(एम) द्वारा अमेरिका और इज़राइल के ईरान पर हमले के विरोध में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च अंबेडकर पार्क से शुरू होकर गांधी प्रतिमा तक गया। कार्यकर्ताओं ने 'युद्ध नहीं, शांति चाहिए' और 'अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद' जैसे नारे लगाए। नेताओं ने हमले को बर्बर और मानवता के खिलाफ बताया।

ईरान पर हमले के विरोध में सीपीआई(एम) का प्रतिरोध मार्च, अमेरिका-इज़राइल की कार्रवाई की निंदा

रामगढ़, निज प्रतिनिधि सीपीआई(एम) रामगढ़ जिला कमिटी के आह्वान पर अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के विरोध में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। पार्टी के जिला कमिटी सदस्य कॉमरेड राजू विश्वकर्मा के नेतृत्व में थाना चौक स्थित अंबेडकर पार्क से शुरू हुआ यह मार्च गांधी प्रतिमा तक गया, जहां सभा आयोजित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद”, “ईरान की संप्रभुता पर अवैध हमला बंद करो”, “युद्ध नहीं शांति चाहिए” और “नरेंद्र मोदी चुप्पी तोड़ो” जैसे नारे लगाए। सभा को संबोधित करते हुए कॉमरेड राजू विश्वकर्मा ने कहा कि अमेरिका और इज़राइल की ओर से 28 फरवरी को ईरान पर किया गया हमला उसकी संप्रभुता का उल्लंघन है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह सैय्यद अली हुसैनी खामनेई सहित लगभग 40 सैन्य अधिकारी मारे गए। उन्होंने इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 2(4) और अंतरराष्ट्रीय युद्ध नियमों का उल्लंघन बताया। कॉमरेड देवनाथ महली ने इस हमले को बर्बर और अमानवीय करार देते हुए कहा कि अमेरिका और इज़राइल की यह कार्रवाई आतंकवादी हमले के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान के एक गर्ल्स स्कूल पर हमले में 160 से अधिक बच्चों और स्कूल स्टाफ की मौत हुई, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की। सीपीआई(एम) रामगढ़ जिला सचिव कॉमरेड चंदेल ने अंतरराष्ट्रीय घटनाओं पर भारत सरकार की चुप्पी की आलोचना करते हुए कहा कि यह रुख भारतीय विदेश नीति के गुटनिरपेक्ष और साम्राज्यवाद विरोधी मूल्यों के विपरीत है। कॉमरेड लोविंद महतो ने कहा कि युद्ध हमेशा मानवता के लिए त्रासदी साबित होता है। सभा में वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी की व्यवस्था की जाए। प्रतिरोध मार्च में कॉमरेड चेतलाल महतो, लोविंद महतो, लाल मोहन मुंडा, देवनाथ महली तथा अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति रामगढ़ की नेत्री कॉमरेड नेहा आजाद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।