पत्रकार हित और विकास पर बड़े फैसले, 25 फरवरी को होगा होली मिलन समारोह
रामगढ़ के प्रेस क्लब की बैठक में पत्रकारों के कल्याण कोष के गठन और पत्रकारों की बीमा राशि के भुगतान का निर्णय लिया गया। नए सदस्यों की सदस्यता और छटनी पर सहमति नहीं बन सकी। क्लब भवन के विकास के लिए कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। व्हाट्सएप ग्रुप में अनुशासन बनाए रखने का निर्णय भी लिया गया।

रामगढ़, निज प्रतिनिधि । प्रेस क्लब रामगढ़ की कार्यकारिणी समिति की बैठक बुधवार को क्लब प्रांगण में अध्यक्ष बिरेंद्र कुमार उर्फ बीरू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। संचालन सचिव धनेश्वर प्रसाद ने किया। बैठक में पत्रकार हित, संगठनात्मक अनुशासन और क्लब के विकास से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। पत्रकारों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए पत्रकार कल्याण कोष के गठन का निर्णय लिया गया। कोष से संबंधित कागजी व कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए अधिवक्ता और चार्टर्ड अकाउंटेंट से परामर्श लिया जाएगा। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनकी बीमा राशि क्लब फंड से भुगतान करने का भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया।
नई सदस्यता और छटनी के मुद्दे पर आपसी सहमति नहीं बन सकी, जिसे फिलहाल लंबित रखने का निर्णय हुआ। क्लब भवन और सुविधाओं के विकास के लिए वाटर कूलर स्थापना, सीसीटीवी कैमरा, भवन मरम्मत, रंग-रोगण, फर्नीचर व्यवस्था और डिजिटल बोर्ड लगाने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इन योजनाओं के लिए प्रायोजकों से संपर्क किया जाएगा। व्हाट्सएप ग्रुप में अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया गया। नियम उल्लंघन करने वाले सदस्य को अस्थायी रूप से हटाया जाएगा। बैठक में 25 फरवरी 2026 को होली मिलन समारोह आयोजित करने की तिथि भी तय की गई। बैठक में उपाध्यक्ष प्रदीप राज बबलू, संयुक्त सचिव ब्यास शर्मा, कोषाध्यक्ष दुर्वेज आलम, कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह, नीरज सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजकुमार दास, रितेश कश्यप सहित अन्य उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



