फायरिंग के बाद हाई अलर्ट, डीआईजी ने पतरातू में की जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा
पतरातू थाना क्षेत्र के सरैयाटोला सौंदा बस्ती में बुधवार को दो कोयला कारोबारियों के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस महकमा हाई अलर्ट पर है।पतरातू

रामगढ़, एक प्रतिनिधि। पतरातू थाना क्षेत्र के सरैयाटोला सौंदा बस्ती में बुधवार को दो कोयला कारोबारियों के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस महकमा हाई अलर्ट पर है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र हजारीबाग अंजनी कुमार झा ने पतरातू पहुंचकर जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु आईपीएस गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया है। इससे पहले पुलिस उपमहानिरीक्षक के रामगढ़ आगमन पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। पुलिस केन्द्र के परिचारी प्रवर मंटु यादव के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इसके बाद डीआईजी ने अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी पतरातु कार्यालय का निरीक्षण किया। कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, किट परेड का अवलोकन करने के साथ अपराध अनुक्रमणी, अपराध मानचित्र, लंबित कांडों की सूची, आगत-निर्गत पंजी, गुण्डा पंजी, गैंग पंजी, लूट पंजी, डकैती पंजी, त्रुटि पंजी, नक्सल पंजी की गहन समीक्षा की गई।बैठक में विगत छह माह के दौरान संगठित अपराधकर्मियों की गतिविधियों, हत्या, आगजनी, गोलीबारी, पोस्टरबाजी, धमकी भरे कॉल से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। अनुसंधानकर्ता, थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, पर्यवेक्षी पदाधिकारी को कांडों के शीघ्र निष्पादन तथा अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बुधवार की रात्रि हुई फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात अपराधियों की पहचान व सत्यापन कर शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठन का निर्देश पुलिस अधीक्षक को दिया गया। सभी थाना व ओपी प्रभारियों को संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने, लगातार छापेमारी करने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


