पुलिस के एक्शन से अपराधियों में खलबली, राहुल दुबे गैंग पर दबिश
पतरातू क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के बीच पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को भुरकुंडा में मुठभेड़ के दौरान गैंग का सदस्य सन्नी सिंह घायल हो गया। पुलिस ने हाल में इस गैंग के कई गुर्गों को गिरफ्तार किया है और इलाके में डर का माहौल है।

भुरकुंडा, निज प्रतिनिधि।पतरातू क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ी आपराधिक गतिविधियों के बीच पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खलबली मच गई है। इसी कड़ी में सोमवार तड़के भुरकुंडा रिवरसाइड स्थित दोमुहान मंदिर प्रांगण में मुठभेड़ के दौरान राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य सन्नी सिंह घायल हो गया। उसे पैर में गोली लगी है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में पतरातू स्थित एमजीसीपीएल कंपनी के कैंप में रंगदारी की मांग को लेकर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया था। इसके तहत गठित एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है।
इधर मुठभेड़ से महज एक दिन पहले 5 अप्रैल को पुलिस ने इस गिरोह के सात गुर्गों को गिरफ्तार किया था। इनमें रिवरसाईड निवासी अमन अंसारी को छोड़ कर बाकि सभी छह आरोपी तुषार सिंह, मिथुन कुमार, कुणाल सिंह उर्फ शिवम, बादल सिंह उर्फ कुणाल, सुमित पांडेय और सन्नी गिद्दी थाना क्षेत्र के रेलिगड़ा निवासी हैं। वहीं घायल सन्नी सिंह भी इसी इलाके का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, गैंग के नेटवर्क को तोड़ने और संभावित आपराधिक वारदातों को रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। ताजा मुठभेड़ और लगातार हो रही गिरफ्तारियों से इलाके के अपराधियों में दहशत का माहौल है।-- शातिर सन्नी सिंह का है आपराधिक इतिहासपुलिस मुठभेड़ में घायल हुए सन्नी सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि अक्टूबर 2025 में जेल से छूटने के बाद वो राहुल दुबे गैंग के लिए लगातार काम कर रहा था। वो युवाओं को हथियार मुहैया कराता था। साथ ही गैंग के लिए पैसा कलेक्ट करना और रंगदारी के लिए लोगों को मोबाइल पर धमकी दिलाना सन्नी सिंह का काम था। एसीपी ने कहा कि सन्नी सिंह का ताल्लुकात झारखंड के अलावा दूसरे राज्य के अपराधियों से भी रहा है।-- रेलिगड़ा बना गैंग का ठिकाना, कार्रवाई में भौगोलिक बाधापुलिस जांच में रेलिगड़ा क्षेत्र राहुल दुबे गैंग की गतिविधियों का अहम ठिकाना बनकर सामने आया है। हाल ही में गिरफ्तार सात आरोपियों में से छह का इसी इलाके का निवासी होना और मुठभेड़ में घायल सन्नी सिंह का भी यहीं का रहने वाला होना इस बात के संकेत हैं कि गैंग की जड़ें यहां गहराई तक फैली हैं। हालांकि, यह क्षेत्र रामगढ़ जिला अंतर्गत नहीं आता, जिसके कारण रामगढ़ पुलिस यहां सीधे कार्रवाई नहीं कर सकती। ऐसी स्थिति में पुलिस को दूसरे जिले की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करनी पड़ती है, जिससे ऑपरेशन में समय और रणनीतिक चुनौतियां बढ़ जाती हैं। सूत्रों के अनुसार गैंग इसी भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर गतिविधियां संचालित करता रहा है और पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश करता है।-- अपराध छोड़, मुख्यधारा में शामिल हो युवा: एसपीएसपी अजय कुमार ने कहा कि आपराधिक गिरोह देश के युवाओं का भविष्य बिगाड़ रहे हैं। उन्हें झूठी शान-शौकत का झांसा देकर अपराध की दुनिया में धकेला जाता है। एक स्वस्थ समाज के लिए यह चिंता का विषय है। एसपी ने युवाओं से अपराध की दुनिया छोड़ मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की। कहा कि इसमें पुलिस उनका पूरा सहयोग करेगी।-- फोटो संख्या भुरकुंडा 03:- घटना स्थल पर पुलिस पदाधिकारियों से मंत्रणा करते एसपी अजय कुमार-- फोटो संख्या भुरकुंडा 04:- पुलिस के इसी बोलेरो पर अपराधी ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियों-- फोटो संख्या भुरकुंडा 05:- घटना स्थल पर बरामद पिस्टल
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


